- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राष्ट्रीय मतदाता दिवस : महाराष्ट्र...
राष्ट्रीय मतदाता दिवस : महाराष्ट्र में बढ़े साढे 28 लाख मतदाता, टोल फ्री नंबर पर कॉल कर जुटा सकते हैं जानकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आगामी लोकसभा चुनाव के पहले महाराष्ट्र में 28 लाख 53 हजार 141 नए मतदाता जुड़े हैं। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है। आगामी 31 जनवरी को नई मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उपराजधानी नागपुर में नए मतदाताओं में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की संख्या अधिक है। राज्य में 184 किन्नरों ने भी अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाए हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग समय-समय पर मतदाता सूचियों के पुनर्निरीक्षण के लिए अभियान चलाता रहता है। इसके पहले सितंबर 2018 में संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। पिछले दिनों मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने व हटाने के लिए शुरु अभियान के बाद राज्य में 35 लाख 88 हजार 12 लोगों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। जबकि 7 लाख 34 हजार 871 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए।
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि दो-दो जगहों पर नाम दर्ज होने, मतदाता की मौत अथवा पते बदलने की स्थिति में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जाते हैं। जबकि जरूरी कागजात के साथ आवेदन करने पर मतदाता सूचियों में नाम जोड़े जाते हैं।
अधिकारी ने बताया कि 31 जनवरी 2019 को मतदाता सूची जारी होने के बाद भी लोकसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। राज्य में सर्वाधिक नए मतदाता ठाणे (299065) से जुड़े हैं जबकि सबसे कम सिंधुदुर्ग (14339) से हैं। नागपुर में 76815 पुरुष और 88444 महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। जबकि 19076 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में कुल 7,92,49,862 मतदाता थे। इनमें से 42743156 पुरुष और 26,714,578 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2014 लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र से 60.61 फीसदी मतदान हुआ था।
जिला नए मतदाता हटाए गए मतदाता
नागपुर 165266 9076
भंडारा 22629 4698
गोंदिया 36856 13376
गडचिरोली 43121 7412
चंद्रपुर 54017 28139
यवतमाल 109233 18898
औरंगबाद 162094 31898
ठाणे 299065 94363
मुंबई उपनगर 228660 45289
मुंबई शहर 57078 59741
घर बैठे जान सकेंगे मतदाता सूची का हाल
मतदाता अब घर बैठे वोटर लिस्ट में अपना नाम होने की जानकारी एक फोन कर जान सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1950 पर यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मतदाताओं के लिए प्रदेश के हर जिले में एत-एक कॉल सेंटर शुरु किया जा रहा है। जनवरी महीने के अंत तक यह सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
गुरुवार को निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि कॉल सेंटर में टोल फ्री नंबर पर मतदाता वोटर लिस्ट में अपने नाम को लेकर जानकारी ले सकेंगे। मतदाताओं को उनके नाम के साथ-साथ उन्हें किस बूथ पर मतदान करना होगा इसकी भी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मतदाताओं की निर्वाचन से जुड़ी समस्याओं का समाधान तथा मार्गदर्शन भी किया जाएगा।हर जिले में निर्वाचन आयोग से संबंधित आधिकारियों पर मतदाताओं की समस्याओं के निदान की जिम्मेदारी होगी।
अधिकारी ने बताया कि इस टोलफ्री नंबर पर चुनाव संबंधी शिकायत भी की जा सकेगी। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल वोटर लिस्ट में नाम की जानकारी ऑनलाइन भी देखी जा सकता है, पर कॉल सेंटर पर फोन कर से वे मतदाता भी जानकारी ले सकेंगे जो टेक्नोसेवी नहीं हैं। अधिकारी ने कहा कि कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर पर मतदाता टेलीफोन और मोबाइल दोनों से फोन कर सकेंगे। अभी तक केवल मुंबई के लिए इस तरह का कॉल सेंटर शुरू था। लेकिन अब यह सुविधा राज्यभर में होगी। अधिकारी ने कहा कि मुंबई में टोल फ्री नंबर पर हर महीने करीब 10 से 12 हजार फोन आते हैं। चुनावों के समय यह आंकड़ा काफी बढ़ जाता है।
Created On :   24 Jan 2019 8:21 PM IST