नक्सलियों ने सरेंडर करने वाले नक्सली को गोलियों से भूना, बाजार को उड़ाने का प्रयास विफल

Naxalites shoots the naxalites with surrenders, fail to blast in market
नक्सलियों ने सरेंडर करने वाले नक्सली को गोलियों से भूना, बाजार को उड़ाने का प्रयास विफल
नक्सलियों ने सरेंडर करने वाले नक्सली को गोलियों से भूना, बाजार को उड़ाने का प्रयास विफल

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। धानोरा तहसील के दराची गांव में  10-15 बंदूकधारी नक्सलियों ने एक सरेंडर करने वाले नक्सली को गोलियां से भून डाला। मृतक का नाम दराची निवासी तलवार शाह बाबूराव मड़ावी (22) है। उसने 20 मार्च 2013 को गड़चिरोली पुलिस के समक्ष  सरेंडर किया था। जानकारी के मुताबिक, सरेंडर करने के बाद तलवार शाह कुछ दिन तक गड़चिरोली मुख्यालय में रहा। बाद में वह अपने मूल गांव दराची चला गया। पिछले कुछ दिन से नक्सली तलवार शाह के पीछे थे।  देर रात नक्सली दराची स्थित तलवारशाह के घर पहुंचे। तलवार शाह को घर से बाहर निकालकर गांव के मुख्य चौक पर लेकर गए। वहां उन्होंने तलवारह शाह पर पुलिस मुखबीर होने का आरोप लगाते हुए उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी। उसके बाद नक्सली फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए धानोरा ग्रामीण अस्पताल रवाना किया। मृतक तलवारशाह कम उम्र में ही नक्सली संगठन से जुड़ा था।  दलम में हो रही परेशानी के चलते उसने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था।

इधर कोटगुल बाजार को उड़ाने का भी किये प्रयास  
कोरची कोरची तहसील के अतिनक्सल प्रभावित कोटगुल स्थित साप्ताहिक बाजार को विस्फोटक सामग्री से उड़ाने की नक्सली योजना पुलिस की सतर्कता से विफल हो गई। गिरफ्तार नक्सली चंदू द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों विस्फोटक सामग्री खोजकर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। जिसके चलते अनहोनी टल गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान  कोटगुल स्थित बाजार में नक्सली चंदू उर्फ बारीकराव दलसू हिचामी (21) को गिरफ्तार किया। उसकी जानकारी पर पुलिस ने 1 पिस्तौल और एक रिमोट जब्त किया। पूछताछ में चंदू ने कोटगुल के साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों द्वारा 2  विस्फोटक लगाए जाने की जानकारी पुलिस को मिली। जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार देर शाम बम नाशक और शोधक दल की सहायता से दोनों विस्फोटकों को खोज निकाला और दोनों को निष्क्रिय कर दिया। बता दें कि, क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए कोटगुल में हर शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार में भीड़ अधिक होती है। सुरक्षा की दृष्टि से विशेष अभियान के जवान तैनात होते हैं।  

Created On :   25 March 2018 9:41 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story