Gadchiroli News: हाथियों ने किसान के घर में घुसकर धान के बोरों को कर दिया तहस-नहस

हाथियों ने किसान के घर में घुसकर धान के बोरों को कर दिया तहस-नहस
  • रातभर की तोड़फोड़, गांव में मची अफरातफरी
  • 10 से अधिक किसानों की फसलें बर्बाद

Gadchiroli News चामोर्शी तहसील के विकासपल्ली क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक छाया हुआ है। पिछले तीन दिनों से हर रात गांव में हाथियों का झुंड धावा बोल रहा है और किसानों की मेहनत से तैयार फसलों को बर्बाद कर रहा है। मंगलवार की रात तो हाथियों ने हद ही कर दी खेतों को रौंदने के बाद एक किसान के घर में घुसकर आंगन में रखे धान के बोरों को तहस-नहस कर डाला। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।

खेतों में भी मचाई तबाही : मंगलवार की रात हाथियों के झुंड ने विकासपल्ली गांव के 10 से अधिक किसानों के खेतों में जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने कटी हुई धान की फसल तो रौंदी ही, साथ ही खड़ी फसल को भी पैरों तले कुचल डाला। जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उनमें रबिन मनोरंजन विश्वास, हरिदास निखिल विश्वास, नलीन लक्ष्मण बर, चंचल गौर मंडल, सुखदेव अनिल सरकार, आशीष आनंद मिस्त्री, निशिकांत दुर्गाचरण गाईन, माखन महेंद्र हलदार, मालती अमुल्य मंडल आदि शामिल हैं। वहीं, इसी गांव के उत्तम महादेव मंडल के घर में पहुंचकर हाथियों ने आंगन में रखे धान के बोरों को भी फाड़कर बिखेर दिया। रातभर चली इस तोड़फोड़ से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ओड़िशा से आया हाथियों का झुंड फिलहाल घोट वन परिक्षेत्र के जंगलों में डेरा जमाए हुए है। दिनभर जंगल में छिपे रहने वाले ये हाथी रात ढलते ही गांवों की ओर बढ़ते हैं, जिससे किसानों की नींद उड़ गई है।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम : घटना की जानकारी मिलते ही घोट वन परिक्षेत्र अधिकारी नीलेश्वर वाडीघरे के मार्गदर्शन में क्षेत्र सहायक बी.डी. साबले के नेतृत्व में वनरक्षक के.वी. भसारकर, वी.एन. भांडेकर, आर.एन. मेश्राम, एस.जी. हिचामी, वी.एस. कवडो तथा डी.के. नरोटे की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने नुकसानग्रस्त खेतों का पंचनामा तैयार किया और स्थिति का जायजा लिया। विकासपल्ली व आसपास के गांवों में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। खेतों में फसल कटाई का समय होने के कारण किसान अपनी मेहनत की उपज को बचाने में जुटे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई और हाथियों को सुरक्षित वनक्षेत्र में भेजने की मांग की है।


Created On :   13 Nov 2025 3:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story