- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मां से झगड़ा हुआ तो पड़ोसी महिला ने...
मां से झगड़ा हुआ तो पड़ोसी महिला ने लेली 4 साल के मासूम की जान, हुई गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पड़ोसी महिला से विवाद के बाद एक 29 वर्षीय महिला ने उसके 4 साल के बेटे की गला घोट कर हत्या कर दी। वारदात अंधेरी के संतोषी माता नगर इलाके की है। आरोपी महिला ने बच्चे का सिर पानी भरे टब में डूबा कर यह दिखाने की कोशिश की कि उसकी मौत डूबकर हुई लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बच्चे की गला घोंटकर हत्या के बाद उसे पानी में डुबोया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम मधु गाढे है। मधु का अपने पड़ोस में रहे वाली जयश्री कदम के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। नाराज मधु ने बदला लेने के लिए सोमवार रात जयश्री के चार साल के बेटे श्रेयस को घर में बुलाया और उसका गला घोंट दिया इसके बाद उसका सिर घर के बाथरूम में रखे टब में डूबा दिया। बच्चा काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिवार वाले और आसपास रहने वाले दूसरे लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। मधु के अलावा सभी लोग बच्चा खोजने में मदद कर रहे थे इसलिए उस पर शक हो गया।
बच्चे के परिवार वालों ने मधु के घर में जाकर तलाशी की कोशिश की तो उसने इसका विरोध किया लेकिन दूसरे लोगों की मदद से वे जबरन घर में दाखिल हुए तो श्रेयस बाथरूम में बेसुध मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन दाखिल करने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के परिवार ने मंगलवार को मामले की शिकायत सहार पुलिस स्टेशन से की। सीनियर इंस्पेक्टर शशिकांत माने ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
Created On :   1 July 2020 7:17 PM IST