आजमी ने कहा - एमएनएस की गुंडागर्दी भूल नहीं सकते उत्तरभारतीय

North Indian still have not forgotten felony of MNS -  Azmi
आजमी ने कहा - एमएनएस की गुंडागर्दी भूल नहीं सकते उत्तरभारतीय
आजमी ने कहा - एमएनएस की गुंडागर्दी भूल नहीं सकते उत्तरभारतीय

डिजिटल डेस्क, मुंबई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि उत्तर भारत के लोग आज भी राज ठाकरे के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी को भूले नहीं हैं। यदि कांग्रेस-राकांपा महा गठबंधन में मनसे को शामिल किया गया, तो मैं महाराष्ट्र छोड़ कर उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड में जाकर कांग्रेस की पोल खोलूंगा। आजमी ने उत्तर भारतीयों के खिलाफ मनसे की हिंसा से संबंधित अखबारों में छपी खबरों की कतरने दिखाते हुए कहा कि केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए राज ठाकरे ने उत्तरभारतीयों को निशाना बनाया था। मंगलवार को मराठी पत्रकार संघ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए  आजमी ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा धर्म निरपेक्षता के नाम पर मनसे का साथ लेना चाहती हैं। प्रांतवाद-भाषावाद का राजनीति करने  वाली मनसे कब से धर्मनिरपेक्ष हो गई। मैं कांग्रेस को खबरदार करना चाहता हूं कि मनसे का साथ लिया तो इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। सपा विधायक ने कहा कि क्या राज ठाकरे ने उत्तरभारतीय समाज से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज ठाकरे को साथ लिया तो मैं हिंदी पट्टी में इसे मुद्दा बनाऊंगा और घूम-घूम कर बताऊंगा कि राज ठाकरे के गुंडे कार्यकर्ताओं ने गरीब उत्तरभारतीयों के खिलाफ कैसा तांडव मचाया था। 

एक सीट पर नहीं मिला तो अकेले लड़ेगे चुनाव

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धर्म निरपेक्ष मतों का बंटवारा रोकने के लिए हम कांग्रेस-राकांपा गठबंधन में शामिल होने के लिए तैयार हैं। पर इसके लिए हमें कम से कम लोकसभा की एक सीट मिलनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो सपा कई सीटों पर उम्मीदवार उतारने पर विचार करेगी। 

यूपी में कांग्रेस को नहीं मिल रहे उम्मीदवार

एक सवाल के जवाब में आजमी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाला कोई नहीं मिल रहा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का कितना असर होगा यह तो चुनाव परिणाम सामने आने के बाद पता चलेगा।  

Created On :   19 Feb 2019 3:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story