नागपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 3465, जानिए - औरंगाबाद और अकोला की ताजा स्थिति

Number of infected patients increased to 3465 in Nagpur
नागपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 3465, जानिए - औरंगाबाद और अकोला की ताजा स्थिति
नागपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 3465, जानिए - औरंगाबाद और अकोला की ताजा स्थिति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में संक्रमित मरीजों संख्या तेजी बढ़ रही है। गुरुवार को 172 नए पॉजिटिव मिले। दो की मौत हुई। अब मरीजों की संख्या संख्या बढ़कर 3,465 हाे गई है। गुरुवार को 100 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। मरीजों की संख्या बढ़ने और मरीज डिस्चार्ज कम होने के कारण रिकवरी रेट बुधवार की तुलना में कम रहा है। बुधवार को रिकवरी रेट 64.16 रहा, जो गुरुवार को कम होकर 63.86% हो गया। गुरुवार को पॉजिटिव नमूनों में मेयो से 17, मेडिकल से 10, एम्स से 62, नीरी से 8, माफसू से 7, निजी लैब से 45 और एंटीजन से 23 नमूनों की रिपोर्ट आई। अब तक कुल 2213 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। दो मरीजों की मौत हुई। पहले 66 वर्षीय नया बाजार निवासी मरीज को 16 जुलाई को मेयो में भर्ती किया गया था। मरीज को किडनी में समस्या थी। साथ ही निमोनिया था। सुबह 7 बजे मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे मरीज को 22 जुलाई को भर्ती किया गया था। मरीज पहले से सारी बीमारी से ग्रसित था। मृत्यु के बाद मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। अब तक कुल 66 मरीजों की मौत हो चुकी है।

अमरावती में 48 नए संक्रमित

अमरावती जिले में गुरुवार को कोरोना के नए मरीज पाए गए। इसी के साथ यहां कुल मरीजों की संख्या अब 1533 हो चुकी है। अब तक यहां कोरोना के चलते 42 लोगों की मौत हो चुकी है। 


गड़चिरोली में 5 और जवान पॉजिटिव

गड़चिरोली जिले में गुरुवार को एसआरपीएफ के 5 और जवान कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके पहले बुधवार को 71 जवान पॉजिटिव पाए गए थे। अब तक गड़चिरोली में कोरोना के 429 मरीज पाए जा चुके हैं। 

भंडारा में मिले दो मरीज 

भंडारा जिले में गुरुवार को कोरोना संक्रमित दो मरीज मिलने से अब यहां मरीजों की कुल संख्या 210 हो चुकी है। 

वर्धा जिले में कोरोना का शतक 

वर्धा जिले में गुरुवार को कोरोना के 6 और पॉजिटिव मिलने से यहां कुल संक्रमितों की संख्या 100 हो चुकी है। 

यवतमाल में अध्यापिका की मौत, 40 नए पॉजिटिव

यवतमाल जिले में गुरुवार को 40 नए पॉजिटिव मरीज पाए गए। वहीं दूसरी ओर पुसद के श्रीरामपुर निवासी 56 वर्षीय जिप शाला की एक अध्यापिका की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इसी के साथ यवतमाल में कोरोना से मरनेवालों की संख्या 22 तथा कुल मरीजों की संख्या 689 हो गई है।

चंद्रपुर में 12 नए मरीज 

चंद्रपुर जिले में गुरुवार को 12 नए मरीज पाए जाने से अब यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 336 हो गई है। 

गोंदिया में दो मरीज हुए ठीक 

गोंदिया जिले में गुरुवार को कोई नया पॉजिटिव नहीं पाया गया जबकि दो मरीज ठीक हुए। जिले में अब तक कुल 235 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। 

कोरोना ने औरंगाबाद में 12, तो जलगांव में ली 13 की जान

उधर औरंगाबाद शहर और जिले में बुधवार को 359 नए मामले सामने आए और 7 रोगियों की मौत होने के बाद गुरुवार को मौतों का आंकड़ा एक बार फिर बढ़कर 12 पर पहुंच गया। जिसके साथ ही अब कुल 426 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 322 संक्रमित मिले। कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12,347 हो गई है। इनमें से 7178 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। 4743 मरीजों का उपचार जारी है। वहीं, जलगांव में हालात काबू से बाहर हाेते जा रहे हैं। यहां गुरुवार को 13 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और 244 नए पॉजिटिव मिले। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 8,849 हो गई है। कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 440 हो गई है। जिले में 5,630 मरीज ठीक हो चुके हैं और 2779 का उपचार जारी है।

परभणी में कोरोना संक्रमित महिला की मौत

परभणी के जुना पेडगांव मार्ग स्थित प्रभावती नगर के 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की गुरुवार सुबह 6.15 बजे मौत होने की जानकारी जिला प्रशासन ने दी है। इस महिला को 22 जुलाई को अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल किया गया था। 

गंगाखेड़ में किट के अभाव में परीक्षण ठप 

गंगाखेड़ के उपजिला अस्पताल के माध्यम से स्वास्थ्य संभाग ने सर्वेक्षण से संदिग्ध निकले मरीज की रैपिड एंटीजन टेस्ट द्वारा परीक्षण शुरू किया था, परंतु अब किट्स न होने से परीक्षण प्रक्रिया ठप हुई है। गंगाखेड़ में कुल 898 संदिग्ध के आरटीपीसीआर द्वारा स्वैब लिए गए। जिसमें 37 स्वैब के रिपोर्ट प्रलंबित है।अबतक कुल 160 संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें से 65 मरीज कोरोना मुक्त हुए हैं। गंगाखेड़ के उपजिला अस्पताल में 54 मरीजों का उपचार चल रहा है। 

एक मौत 19 नए कोरोना संक्रमित

धुलिया में गुरुवार को फिर एक मरीज की कोरांना संक्रमण के कारण मौत हो गई. ज़िले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 91 के करीब पहुंच गई। वहीं 19 नए कोरोना के मामलों की पुष्टि हुई है। 31 संदिग्धों को कोरोना परीक्षण कराया गया। जिसमें 17 की रिपोर्ट पॉजिटिव्ह आयी है। वहीं ज़िला अस्पताल में भर्ती 75 वर्षीय बोराड़ी निवासी बुजुर्ग व्यक्ति की कोरोना के कारण गुरुवार को मौत हो गई।

उस्मानाबाद जिले में 34 मरीजों की मौत

उस्मानाबाद जिला अस्पताल उस्मानाबाद से 190 नमूने लिए गए। देर रात सभी रिपोर्ट मिली हैं। इनमें से 18 रिपोर्ट पॉजिटिव हैं और 172 नेगेटिव हैं। जिले में कुल 34 मरीजों की मौत हुई है। ठीक होकर घर लौटे मरीजों की संख्या 355 हैं। फिलहाल 212 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिले में अब मरीजों की कुल संख्या 601  हुए है।

अकोला में 40 नए संक्रमित, दो मृत

गुरुवार को अकोला में नियमित जांच में 23 और रैपिड टेस्ट से 17 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिससे जिले में एक दिन में 40 मरीज बढ़े हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 2,318 हो गई है। इसी दौरान दो महिला मरीजों की मौत हुई है। जिससे मृतकों की तादाद 106 हो गई है। अब 339 एक्टिव मरीजों पर उपचार जारी है। 

वाशिम में मिला एक पॉजिटिव  

वाशिम में एक कोरोना संक्रमित मरीज़ मिला है। ध्रुव चौंक परिसर निवासी एक 28 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अब तक जिलेभर में 3,465 लोगों के थ्रोट स्वैब के नमूने जांच में 408 मरीज पॉजिटिव पाए गए, तथा 2,961 नेगेटिव रहे। 217 की रिपोर्ट आनी शेष है, तथा 266 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। 6 की मृत्यु हो चुकी है। इसी प्रकार जिले के कोविड केयर सेंटरों में 184 का उपचार जारी है। 

बुलढाणा जिलेमे मिले 39 संक्रमित

बुलढाणा जिले में नियमित जांच में 38 तथा रैपिड एटीजेंट टेस्ट में 1 समेत कुल 39 नए संक्रमित मरीज मिले, तथा चालीस मरीजों को स्वस्थ होने के कारण अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। शेगांव की 64 वर्षीय महिला मरीज व लोणार निवासी 36 वर्षीय महिला मरीज को अकोला रेफर किया गया है। जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर अब 873 पर पहुंच चुका है। 478 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। कोरोना की चपेट में अबतक 24 मरीज दम तोड़ चुके हैं। अस्पतालों में 370 एक्टिव मरीजों का उपचार जारी है। 
 

Created On :   23 July 2020 4:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story