अलमट्‌टी बांध को लेकर गलत जानकारी दे रहा विपक्ष - शेलार

Opposition giving wrong information about Almatti dam - Shelar
अलमट्‌टी बांध को लेकर गलत जानकारी दे रहा विपक्ष - शेलार
अलमट्‌टी बांध को लेकर गलत जानकारी दे रहा विपक्ष - शेलार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अलमट्टी बांध से कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार दोपहर तक 5 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का काम शुरू किया है। विपक्ष द्वारा भ्रामक जानकारी दी जा रही है। राज्य में बाढ़ के हालात हैं, ऐसे में जनता को राहत देने की बजाय गलत जानकारी देना ठीक नहीं है। स्कूली शिक्षा मंत्री आशीष शेलार ने एक बयान जारी कर यह बात कही है। शेलार के मुताबिक सारी जानकारी सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध होने के बावजूद उसे नजरअंदाज कर विपक्ष गलत जानकारियां दे रहा है। कर्नाटक मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार सुबह ही ट्वीट के जरिए 4 लाख 30 हजार 352 क्यूसेक पानी छोड़ने की जानकारी दी थी इसके बावजूद कम पानी छोड़े जाने की जानकारी फैलाई जा रही है। शेलार ने कहा कि 3 लाख 80 हजार 316 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की उम्मीद थी लेकिन उससे 50 हजार क्यूसेक ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा था और दोपहर तक 4 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने लगा। 

विपक्ष के कार्यकाल में सात दिन में मदद

अन्न व नागरिक आपूर्ति विभाग के 7 अगस्त के शासनादेश (जीआर) के मामले में भी शेलार ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि इसमे किसी इलाके के दो दिन पानी में डूबे रहने पर मदद की बात कही गई है लेकिन वास्तविक तौर पर मदद का फैसला आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष तुगलकी फरमान का आरोप लगा रहा है लेकिन अगर उन्होंने अपने कार्यकाल यानी 30 जनवरी 2014 का जीआर देखा होता तो यह आरोप नहीं लगाते क्योंकि उसमें सात दिन कोई इलाका पानी में डूबे रहने पर मदद का प्रावधान था। शेलार ने आरोप लगाया कि विपक्ष बाढ़ पर राजनीति कर रहा है।

फडणवीस ने येदुरप्पा से की थी मांग

फडणवीस ने गुरुवार को कहा था कि उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ने का अनुरोध किया था जिसे उन्होंने मान लिया। मुख्यमंत्री ने कहा था कि अलमाटी से पानी छोड़े जाने पर पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली जिलों में जलस्तर मे कमी आएगी। इस बीच, फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य में बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने बाढ़ की स्थिति और राहत एवं बचाव प्रयासों पर पूरी जानकारी हासिल की तथा केंद्र से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वायुसेना का एक विमान सांगली पहुंच गया है जहां उसे राहत सामग्री के वितरण में लगाया जाएगा। 

Created On :   9 Aug 2019 4:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story