प्रभारी पांडेय ने कहा - महाराष्ट्र में भाजपा का ही होगा मुख्यमंत्री

Pandey said - Next Chief Minister will be from BJP in Maharashtra
प्रभारी पांडेय ने कहा - महाराष्ट्र में भाजपा का ही होगा मुख्यमंत्री
प्रभारी पांडेय ने कहा - महाराष्ट्र में भाजपा का ही होगा मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा ने साफ कर दिया है कि महाराष्ट्र में उनका ही मुख्यमंत्री होगा। शनिवार को विधानसभा चुनाव तैयारियों को लेकर हुई पार्टी के जिलाध्यक्षों व अन्य नेताओं की बैठक में पार्टी प्रभारी सरोज पांडेय ने कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा। पांडेय के इस बयान के बाद समझा जा रहा है कि भाजपा-शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद हो सकता है। इसके पहले शिवसेना के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के मुखपत्र मे कहा गया था कि शिवसेना के अगले स्थापना दिवस समारोह में शिवसेना का मुख्यमंत्री विराजमान होगा। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पद की बाबत पूछा जाने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रावसाहेब दानवे ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे फैसला लेंगे। 

भाजपा ही बड़ा भाईः महाजन 

इस दौरान राज्य के जलसंसाधन मंत्री गिरीष महाजन ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम से साबित हो गया है कि भाजपा ही बड़ा भाई है। लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र से भाजपा के 23 और शिवसेना के 18 सांसद चुने गए हैं। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान कई जगहों पर शिवसेना उम्मीदवारों की जीत के लिए भाजपा ने मेहनत की।    

विधानसभा कि 220 सीट जीतने का लक्ष्य

बैठक बाद पत्रकारों से बातचीत में वरिष्ठ भाजपा नेता व राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना को 228 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली है। इस लिए इस बार विधानसभा चुनाव के लिए ‘अबकी बार 220 पार’ का नारा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा-शिवसेना युति ने विधानसभा की 220 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री फिर एक बार, शिवशाही सरकार’ का नारा देते हुए जनता के बीच जाएंगे। विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री विकास यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा सरकार द्वारा पांच वर्षों के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए राज्य के करीब 200 विधान क्षेत्रों तक जाएगी।

इस यात्रा में शिवसेना के मंत्री भी भाग लेंगे। सीएम की यह यात्रा एक दिन में 6 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में विधानसभा चुनाव 15 से 20 अक्टूबर के दौरान अपेक्षित है। इसके लिए 15 सितंबर तक चुनाव आचार संहिता लागू हो सकती है। मुख्यमंत्री की विकास यात्रा अगस्त से शुरु होगी।  गौरतलब है कि 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना अलग-अलग चुनाव लड़े थे और भाजपा को 121 व शिवसेना को 63 सीटों पर जीत मिली थी। बैठक में पार्टी प्रभारी पांडेय ने राज्य की सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में बुथस्तर पर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया। 

चार नए जिला अध्यक्ष

इस बीच भाजपा ने अपने चार नए जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। 
कोल्हापुर से राहुल चिकोडे
सोलापुर से विक्रम देशमुख
जलगाव से संजय पाटील
और नंदुरबार से विजय चौधरी जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। 
             
 

Created On :   23 Jun 2019 6:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story