- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई में पैराशूट से उतरे दो...
मुंबई में पैराशूट से उतरे दो संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस और एटीएस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई मुंबई के घनसोली इलाके में एक महिला समेत दो संदिग्धों के पैराशूट से उतरने की सूचना के बाद पुलिस सहित आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी मामले की छानबीन में जुटा हुआ है। कुछ लोगों ने शनिवार की रात दो लोगों को पैराशूट से उतरते और फिर पहले से खड़ी कार में सवार होकर जाते देखने का दावा किया था। इलाके में लगे सीसीटीवी में दो लोग नजर तो आ रहे हैं लेकिन तस्वीरें बेहद धुंधली और अस्पष्ट हैं। डीसीपी सुधाकर पाठारे के मुताबिक कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी है कि उन्होंने घनसोली खाड़ी के पास पाम बीच रोड पर शनिवार रात साढ़े आठ बजे के करीब एक महिला समेत दो लोग पैराशूट से उतरे और फिर पास ही खड़ी कार में बैठकर चले गए। इन दावों की छानबीन की जा रही है। पुलिस के मुताबिक नई मुंबई में कुछ पैराग्लाइडिंग इंस्टिट्यूट हैं। हालांकि उन्हें अपनी गतिविधियों की अग्रिम सूचना पुलिस को देनी होती है। पुलिस इन संस्थानों से भी जानकारी इकठ्ठा करने की कोशिश कर रही है।
नौ महीने का बच्चा अगवा
उधर ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से एक नौ महीने की बच्चे को अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल बच्चे के पिता ने अपने साले की 9 साल की बेटी को कहा कि वह बच्चे को बाहर घुमा लाए। बच्ची लड़के को लेकर मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास एक ब्रिज के नीचे बैठी थी। तभी उसके पास एक महिला आई और उनसे बच्ची को 10 रुपए देते हुए पास की दुकान से खाने के लिए कुछ लाने को कहा। उसने बच्चे को अपनी गोद में ले लिया। बच्ची वापस आई तो महिला गायब थी। परिवार वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
नाबालिग के साथ छेड़छाड के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार
दूसरे मामले में एक 14 साल की लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक 52 वर्षीय हवलदार को गिरफ्तार किया है। वारदात मालाड के कुरार इलाके में हुई। गस्त पर निकले आरोपी ने लड़की को पकड़ लिया जिसके बाद उसने शोर मचाया भागकर घर पहुंची और अभिभावकों को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी हवालदार के खिलाफ आईपीसी और पाक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम एस परब है। वारदात सोमवार दोपहर को हुई जब परब वेस्टर्न एक्सप्रेस वे पर पुलिस पेट्रोलिंग वैन पर तैनात था। लड़की अपने स्कूल से वापस आ रही थी। इसी दौरान परब में लड़की को रोका और फिर उसे जबरन गले लगाने की कोशिश की। घबराई लड़की ने शोर मचाना शुरू किया तो परब में डर कर उसे छोड़ दिया और भाग गया। इसके बाद लड़की भागकर अपने घर पहुंची और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। परिवार ने पहले कंट्रोल रूम में फोन कर कांस्टेबल की हरकत की जानकारी दी फिर कुरार पुलिस स्टेशन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं घटना से नाराज स्थानीय लोग पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लड़की ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी कांस्टेबल उसे देखकर अक्सर अश्लील इशारे और शेरो शायरी करता था। अक्सर उसे स्कूल छोड़ने और लेने उसकी बड़ी बहन साथ जाती थी। लेकिन सोमवार को परीक्षा के चलते वह अकेले जल्दी निकल गई और वापसी के दौरान अकेला देखकर आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Created On :   5 Feb 2019 9:43 PM IST