फिर भाजपाई बनेंगे राम नाईक, मुख्यमंत्री दिलाएंगे पार्टी की सदस्यता 

Ram Naik will again become a member of BJP in presence of CM
फिर भाजपाई बनेंगे राम नाईक, मुख्यमंत्री दिलाएंगे पार्टी की सदस्यता 
फिर भाजपाई बनेंगे राम नाईक, मुख्यमंत्री दिलाएंगे पार्टी की सदस्यता 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक एक बार फिर से भाजपा में सक्रिय होंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नाईक को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने यह जानकारी दी। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पाटील ने कहा कि नाईक ने पांच साल पहले उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बनने के बाद भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के रूप में उनका पांच साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है। अब नाईक एक बार फिर से भाजपा में सक्रिय रूप से काम करेंगे। पाटील ने कहा कि नाईक प्रदेश में विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ फिर से पार्टी को मिलेगा। 

31 जुलाई को भाजपा में शामिल होंगे विपक्ष के विधायक 

पाटील ने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के कई विधायक और नेता 31 जुलाई को भाजपा में शामिल होंगे। पार्टी विधानसभा की 288 सीटों पर जीत हासिल करने की दृष्टि से तैयारी कर रही है। पाटील ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में शिवसेना के साथ युति करके ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद अगले पांचों सालों में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, मनपा, नगर पालिका के चुनाव होने हैं। नगर निकाय और ग्राम पंचायतों के चुनाव में भी नेताओं की जरूरत पड़ेगी। इसलिए पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लोगों को शामिल किया जा रहा है। पाटील ने कहा कि लोगों का बड़े पैमाने पर भाजपा पर विश्वास बढ़ा है। इसलिए विपक्ष के विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का डर दिखाकर विपक्षी दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल नहीं किया जा रहा है। ईडी का डर उसी को जिसने कुछ गलत किया होगा। पाटील ने कहा कि मैंने कांग्रेस मुक्त महाराष्ट्र का नारा दिया है। कांग्रेस मुक्त महाराष्ट्र का मतलब यह नहीं है कि कांग्रेस के नेता चुनाव जीत ही नहीं पाएंगे। हम कांग्रेस की संस्कृति का प्रभाव खत्म करना चाहते हैं।

बोध चिन्ह का अनावरण 

पाटील ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की 1 अगस्त से अमरावती से शुरू होने वाली महाजनादेश यात्रा का बोध चिन्ह का अनावरण किया। पाटील ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय से रथयात्रा को रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रथ 1 अगस्त को अमरावती पहुंचेगी। 

समान विचारधारा वाले दल एक साथ आएं- शेट्टी 

उधर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने कहा कि लोकतंत्र पर विश्वास रखने वाले समान विचारधारा वाले दलों को विधानसभा चुनाव के लिए एकसाथ आना चाहिए। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में शेट्टी ने कहा कि भाजपा की नीतियों का विरोध करने वाले दल एकजुट हो जाएं। शेट्टी ने कहा कि हमने पार्टी की ओर से ईवीएम के खिलाफ जनआंदोलन शुरू किया है। पार्टी की ओर से राज्य भर में ग्रामसभाओं में 15 अगस्त को उसे बैलेट पेपर से चुनाव कराने को लेकर प्रस्ताव मंजूर कराने की अपील की गई है। हम चाहते हैं कि इस जनआंदोलन में दूसरी पार्टियां भी शामिल हों। इसलिए मैंने महाराष्ट्र स्वाभिमानी पक्ष के अध्यक्ष व सांसद नारायण राणे से मुलाकात की है। हमने राणे से आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया है। शेट्टी ने कहा कि यदि भाजपा का मन साफ है तो उसे बैलेट पेपर से चुनाव के लिए तैयार होना चाहिए। दूसरी ओर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रविकांत तुपकर ने कहा कि हम राज्य में 50 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़े। लेकिन कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस से सम्मान जनक सीटें नहीं मिलेंगी तो हम 50 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। 
 

Created On :   29 July 2019 9:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story