भाजपा अव्वल- राकांपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर, गड़चिरोली जिले में महाविकास आघाड़ी का परचम 

Results of Nagar Panchayats : BJP tops NCP second and Congress third, counting of votes in Gadchiroli today
भाजपा अव्वल- राकांपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर, गड़चिरोली जिले में महाविकास आघाड़ी का परचम 
नगर पंचायतों के परिणाम भाजपा अव्वल- राकांपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर, गड़चिरोली जिले में महाविकास आघाड़ी का परचम 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गड़चिरोली जिले की 9 नगर पंचायतों के लिए गुरूवार, 20 जनवरी को संबंधित तहसील कार्यालयों में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 10 बजे से मतगणना की प्रक्रिया आरंभ की गयी। जैसे ही नतीजे घोषित हुए जिले की नगर पंचायतों के समीकरण पूरी तरह बदल गये। जिले की मुलचेरा, कोरची, चामोर्शी, एटापल्ली व धानोरा तहसील में महाविकास आघाड़ी ने अपना परचम लहराया। वहीं कुरखेड़ा नपं में भाजपा ने अपनी सत्ता स्थापित की। सिरोंचा में आदिवासी विद्यार्थी संघ के एकसाथ 10 प्रत्याशियों ने जीत हासिल करते हुए इस नपं पर जीत दर्ज की। अहेरी नपं में त्रिशंकू की स्थिति होकर सत्ता प्राप्ति का जादूई आंकड़ा किसी पार्टी के पास मौजूद नहीं है। उधर भामरागढ़ में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भाजपा उभरकर आयी है। यहां भाजपा के 5 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। मात्र सत्ता स्थापना के समीकरण यहां निर्वाचित हुए 5 निर्दलीय सदस्यों के पास है। 

9 नगर पंचायतों में कांग्रेस आगे 

जिले की 9 नपं में कांग्रेस ने सर्वाधिक 44 सीटों पर दर्ज की है। दूसरे स्थान पर भाजपा होकर उसके खेमे में 36 और तीसरे स्थान पर राकांपा 21 है। आदिवासी विद्यार्थी संघ को 16 सीटों पर जीत दर्ज हुई है। वहीं शिवसेना 14, निर्दलीय 20 अौर रासप के 1 सदस्य ने जीत हासिल की। 

आविसं की दमदार एन्ट्री 

पूर्व विधायक दीपक आत्राम और जिला परिषद के अध्यक्ष अजय कंकडालवार के नेतृत्व में आदिवासी विद्यार्थी संघ ने अहेरी विस क्षेत्र में चुनावी परचम लहराया है। सिरोंचा नपं में सर्वाधिक 10 सीटों पर जीत दर्ज कर आविसं ने यहां दमदार एन्ट्री की है। जबकि विधायक धर्मरावबाबा आत्राम के गृहग्राम अहेरी नपं में आविसं ने 5 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए राकांपा को धूल चटाई। वहीं एटापल्ली में आविसं का 1 सदस्य निर्वाचित हुआ। 

नहीं दिखा पालकमंत्री शिंदे का प्रभाव 

गड़चिरोली जिले में शिवसेना का दमखम केवल पूर्वोत्तर नगर पंचायतों में ही था। मात्र इस चुनाव में पहली बार शिवसेना ने दक्षिण क्षेत्र में भी ध्यान दिया। जिले के पालकमंत्री व राज्य के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना की जीत के लिए अमुनन सभी नगर पंचायत क्षेत्र में पहुंचकर प्रत्याशियों का प्रचार किया। मात्र शिवसेना को उम्मीद अनुसार जीत हासिल नहीं हुई। शिवसेना को इस चुनाव में 153 में से केवल 14 सीटों पर ही जीत दर्ज हुई है। 

पति-पत्नी व भाई हुए विजयी

चामोर्शी नगर पंचायत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने जीत दर्ज की है। पूर्व सदस्य राहुल नैताम कांग्रेस पार्टी के कद्दावार नेता के रूप में परिचित है। मात्र वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्णय से नाराज राहुल नैताम ने कांग्रेस का दामन छोड़ राकांपा में प्रवेश किया था। इस चुनाव में पत्नी काजल और भाई निशात को भी चुनाव आखाड़े में उतारा था। प्रभाग क्रमांक 16 से खुद की जीत के साथ इस चुनाव में उनकी पत्नी काजल ने प्रभाग क्रमांक 11 और भाई निशांत ने प्रभाग क्रमांक 2 से जीत हासिल की। 

तकनीकी कारणों से भामरागढ़ के एक प्रभाग के नतीजे अघोषित 

उधर भामरागढ़ नगर पंचायत के प्रभाग क्रमांक 14 की मतगणना के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए इस प्रभाग के प्रत्याशियों ने अाक्षेप किया था। प्रभाग से कांग्रेस की संध्या सडमेक, निर्दलीय सचिरेखा नरंगो, सपना दुर्वा और निकिता सडमेक खड़ी थी। प्रत्याशियों के आक्षेप के बाद तहसील चुनाव निर्णय अधिकारी डा. सुरज जाधव ने तकनीकी कारणों से इस प्रभाग का परिणाम घोषित नहीं किया है। उन्होंने इस संदर्भ में चुनाव आयोग को एक पत्र भी भेजा है। 

भाजपा अव्वल- राकांपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर

इससे पहले कल आए नतीजों में 31 जिलों में 97 नगर पंचायतों की 1649 सीटों में से 384 सीट पर कब्जा कर भाजपा सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी है। राकांपा 344 सीटों के साथ दूसरे जबकि कांग्रेस 316 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है। राज्य में सत्तारूढ़ महाविकास आघाड़ी सरकार में मुख्यमंत्री पद संभाल रही शिवसेना का इस चुनाव में सबसे बुरा हाल रहा। शिवसेना 284 सीटें हासिल करके चौथे स्थान पर रही। वहीं, निर्दलियों ने 206 सीटों पर जीत हासिल की है। मनसे ने 4 और राज्य चुनाव आयोग में पंजीकृत अन्य दलों ने 82 सीटों पर कब्जा जमाया। बाकी अन्य सीटें छोटे दलों के खाते में गई हैं। प्रदेश में 32 जिलों की 106 नगर पंचायतों में चुनाव के लिए मतदान कराया गया था। राज्य चुनाव आयोग ने बुधवार को 31 जिलों की 97 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित किए,वहीं, शिर्डी नगर पंचायत की 17 में से 11 सीटों पर उम्मीदवारों का नामांकन प्राप्त न होने के चलते मतदान नहीं हो सका था। इस कारण चुनाव आयोग ने 31 जिलों की 97 नगर पंचायतों की 1649 सीटों में से 1638 सीटों पर चुनाव परिणाम घोषित किया है। 

अमरावती जिले के तिवसा व भातकुली नगर पंचायतों में जहां भाजपा को मुंह की खानी पड़ी वहीं, दूसरी ओर बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा भातकुली में तथा पालकमंत्री यशोमति ठाकुर तिवसा नगर पंचायत के अपने गढ़ को बचाने में सफल रहे। वर्धा की चार नपं में कारंजा, आष्टी शहीद में कांग्रेस, सेलू में भाजपा और समुद्रपुर में मिले-जुले परिणाम आए हैं।  यवतमाल जिले के मारेगांव, महागांव, कलंब, रालेगांव नपं में कांग्रेस को बहुमत मिला है, बाभुलगांव में शिवसेना और झरी-जामनी में कांग्रेस-शिवसेना को बराबर की सीटंे मिली हैं। चंद्रपुर जिले सावली, सिंदेवाही-लोनवाही, कोरपना में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। गोंडपिपरी में कांग्रेस अपने दो बागी निर्दलीय सदस्यों के साथ तो जिवती नगर पंचायत में कांग्रेस-राकांपा को बहुमत मिला है। वहीं पोंभूर्णा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ है।

गोंदिया जिला परिषद की 53 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सत्ता के करीब पहुंच गई है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस और तीसरे नंबर पर राकांपा रही है। देवरी और अर्जुनी मोरगांव नगर पंचायत में भाजपा को बहुमत मिला है तो सड़क अर्जुनी  में राकांपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। 8 पंचायत समितियों के चुनाव में अधिकांश पंचायत समितियों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है।  भंडारा जिला परिषद की 52 सीटों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 12, राकांपा ने 13, शिवसेना, वंचित बहुजन आघाडी, बहुजन समाज पार्टी ने 1-1 सीट जीतीं। दो सीटों पर निर्दलीय सफल रहे। जिले की तीन नगर पंचायतों में से दो यानी मोहाड़ी व लाखांदुर पर भाजपा ने कब्जा कर लिया। वहीं लाखनी नगर पंचायत पर राकांपा ने जीत हासिल की है। वहीं 104 पंचायत समिति में से अधिकतर पंस में कांग्रेस और राकांपा का कब्जा रहा।


अशोक चव्हाण का जादू कायम 

सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री अशोक चव्हाण के गृह जिले नांदेड़ में कांग्रेस का जादू कायम है। नांदेड़ की तीन में से दो नगर पंचायतों में कांग्रेस को एकतरफा जीत मिली है। 

नागपुर के हिंगणा में भाजपा को बहुमत 

नागपुर की हिंगणा नगर पंचायत में भाजपा ने 17 में से 9 सीटें हासिल कर बहुमत हासिल किया है जबकि कुही नगर पंचायत में कांग्रेस 8 सीटें पाकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के गृह जिले सिंधुदुर्ग में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है।

बुलढाणा में कडू के प्रहार का बेहतर प्रदर्शन

स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री बच्चू कडू के प्रहार संगठन ने बुलढाणा समेत अन्य जिलों में बेहतर प्रदर्शन किया है। कडू के संगठन ने भाजपा नेता व पूर्व मंत्री संजय कुटे को झटका दिया है। वहीं, अमरावती की तिवसा नगर पंचायत में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। इससे प्रदेश की महिला व बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर गदगद नजर आईं। आपदा प्रबंधन मंत्री विजय वडेट्‌टीवार के जिले चंद्रपुर में कांग्रेस को छह नगर पंचायतों में से तीन में स्पष्ट बहुमत मिला है। हालांकि, वडेट्‌टीवार पोंभुर्णा नगर पंचायत की सत्ता भाजपा नेता व पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार से छीन नहीं पाए। भाजपा को केवल पोंभुर्णा नगर पंचायत में 10 सीटों के साथ बहुमत मिला है। 
 

नगर पंचायत चुनाव 
किस दल को कितनी सीट

भाजपा    384 
राकांपा    344 
कांग्रेस     316 
शिवसेना     284 
सीपीआईएम    11 
बसपा     4 
मनसे     4 
अन्य राज्यों में पंजीकृत     3 
राज्य में पंजीकृत    82
निर्दलीय    206 
कुल सीट      1638

Created On :   20 Jan 2022 8:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story