- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- साईंबाबा जन्म स्थान विवाद में 13...
साईंबाबा जन्म स्थान विवाद में 13 फरवरी तक करेंगे याचिका दायर - बाबाजानी दुर्राणी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। परभणी के पाथरी के निवासी साईंबाबा के जन्म स्थान के विवाद के मामले में बाम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ में 13 फरवरी तक याचिका दायर करेंगे। गुरुवार को राकांपा के विधायक तथा साईंबाबा जन्म स्थान कृति समिति पाथरी के अध्यक्ष बाबाजानी दुर्राणी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में यह जानकारी दी। दुर्राणी ने कहा कि साईंबाबा जन्म स्थान कृति समिति की ओर से मैं अदालत में याचिका दाखिल करुंगा। दुर्राणी ने कहा कि हम लोगों के पास साईंबाबा का जन्म स्थान पाथरी में होने के संबंध 29 सबूत हैं। इसमें से हमारे पास 18 सबूत उपलब्ध हैं। इसके अलावा 7 सबूत और जुटाए जा चुके हैं। जबकि बाकी सबूत दूसरे राज्यों से जुटाने का काम चल रहा है। सबूत जुटाने के बाद मैं अगले सप्ताह में अदालत में याचिका दाखिल करूंगा। इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पाथरी को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपए देने का फैसला किया था।
मुख्यमंत्री के इस फैसले को लेकर अहमदनगर के शिर्डी में भारी विरोध हुआ था। अहमदनगर के शिर्डी वासियों का मानना है कि साईंबाबा का जन्म स्थान शिर्डी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि सरकार पाथरी को तीर्थक्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए निधि दे रही है। हालांकि मुख्यमंत्री ने साईंबाबा के जन्मस्थान को लेकर कोई स्पष्ट भूमिका नहीं ली थी। इससे नाराज पाथरी के गांव वालों ने साईंबाबा के जन्म स्थान विवाद पर अदालत में जाने का फैसला किया है।
Created On :   6 Feb 2020 8:45 PM IST