अब कोई गुटखा बेचते पकड़ाया, तो जमानत नहीं होगी

Selling gutka will now be a non-bailable offence in maharashtra
अब कोई गुटखा बेचते पकड़ाया, तो जमानत नहीं होगी
अब कोई गुटखा बेचते पकड़ाया, तो जमानत नहीं होगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में गुटखा पर पाबंदी से जुड़े कानून को और सख्त बनाया जाएगा। गुटखा बेचना अब गैर जमानती अपराध होगा। गुटखा बेचने वालों को तीन साल की जेल की सजा होगी। विधान परिषद में प्रदेश के अन्न व औषधि प्रशासन  (एफडीए)  मंत्री गिरीश बापट ने यह घोषणा की। बापट ने कहा कि गुटखा पाबंदी के कानून को सख्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसलिए राज्य सरकार अब जल्द से जल्द संबंधित कानून को और सख्त बनाएगी। बापट ने बताया कि मौजूदा कानून में अवैध रूप गुटखा बेचने वालों के खिलाफ छह महीने जेल की सजा का प्रावधान है। इस कारण गुटखा व्यापारियों कोगिरफ्तारी के बाद एक-दो दिनों में जमानत मिल जाती है।बुधवार को विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश में अवैध रूप से गुटखा बेचे जाने का मुद्दा उठाया था।

गुटखा से महाराष्ट्र में हो रही सर्वाधिक मौतें
मुंडे ने कहा कि विश्व भर में महाराष्ट्र के सबसे अधिक युवाओं की मौत गुटखा खाने से होती है। प्रदेश में गुटखा बेचने पर पाबंदी है फिर भी पड़ोसी राज्यों की सीमा से गुटखा तस्करी लगातार हो रही है। इस पर बापट ने कहा कि गुटखा पाबंदी के कानून को प्रभावी रूप से लागू करने में विभाग के अधिकारी ढिलाई बरतते हैं। मुंबई और आसपास के शहरों में अधिकारी 20-20 सालों से एक ही जगह पर काम कर रहे थे। इस कारण अधिकारियों के सांठगांठ से अवैध तरीके से गुटखा का व्यापार चलता है। लेकिन मैंने कई अधिकारियों के तबादले किए हैं। एक सवाल के जवाब में अन्न व औषधि प्रशासन राज्य मंत्री मदन येरावार ने बताया कि साल 2012-13 से अब अभी तक राज्य भर में 114 करोड़ 20 लाख रुपए के गुटखा और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही 3719 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

नागपुर में बिकती है सड़ी सुपारी
सदन में भाजपा के सदस्य गिरीश व्यास ने कहा कि नागपुर में खुले आम सड़ी सुपारी बिकती है। शहर में सबसे अधिक सुपारी का आयात और निर्यात होता है। व्यास ने कहा कि नागपुर में भले ही सुपारी का उत्पादन नहीं होता है लेकिन असम और उड़ीसा जैसे राज्यों से शहर में सुपारी आती है। एक-एक किलो का पैकेट बना कर सड़ी सुपारी बेची जाती है। इसके जवाब में मंत्री बापट ने कहा कि सादी सुपारी के खाने पर रोक नहीं है लेकिन केमिकल युक्त सुपारी बेचना गलत है। इस पर रोक लगाने के लिए सरकार ने समिति गठित की है। इस समिति की रिपोर्ट आने के बाद इस बारे में फैसला लिया जाएगा। बापट ने बताया कि नागपुर में 6 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया है।   

Created On :   7 March 2018 6:34 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story