गुजरात विधानसभा चुनाव : हिंदी भाषीय इलाकों में वोट मांग रहे मुंबई के उत्तरभारतीय नेता

Senior leaders of mumbai Demand votes in Hindi-speaking areas
गुजरात विधानसभा चुनाव : हिंदी भाषीय इलाकों में वोट मांग रहे मुंबई के उत्तरभारतीय नेता
गुजरात विधानसभा चुनाव : हिंदी भाषीय इलाकों में वोट मांग रहे मुंबई के उत्तरभारतीय नेता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विजय सिंह "कौशिक"। पड़ोसी राज्य गुजरात के चुनावी समर में महाराष्ट्र के नेता भी कूद पड़े हैं। बड़ी संख्या में गुजरात के उत्तरभारतीयों को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए भाजपा ने मुंबई में उत्तरभारत से ताल्लुक रखने वाले नेताओं को प्रचार अभियान में उतार दिया है, तो कांग्रेस के हिंदीभाषी नेता भी वहां पहुंचे गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस भी चार दिन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण  को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर है। इस बार लड़ाई एकतरफा नही, इसलिए दोनों प्रमुख प्रतिद्वंदी दल भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा उत्तरभारतीय मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष संतोष पांडेय पिछले 5 नवम्बर से सूरत में डेरा डाले हुए हैं। साथ ही 12 विधानसभा क्षेत्रों में अपने नेताओं को तैनात किया है। पांडेय को उत्तरभारतीय बाहुल्य चौरासी विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांडेय का दावा है कि सूरत के उत्तरभारतीय मतदाता भाजपा के साथ हैं।

विधायक मंगलप्रभात लोढा को दक्षिण गुजरात की जिम्मेदारी

मुंबई से भाजपा के वरिष्ठ विधायक मंगलप्रभात लोढा को पार्टी ने दक्षिण गुजरात की जिम्मेदारी दी है। लोढा कई दिनों से गुजरात में ही जमे हुए हैं। मुंबई भाजपा युवा मोर्चा  के अध्यक्ष मोहित कंबोज भी गुजरात में पार्टी का चुनाव के प्रचार में जुटे हैं। कांग्रेस के चुनाव प्रचार के लिए अहमदाबाद पहुंचे महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि (पीसीसी) के सदस्य राजकुमार मिश्र का कहना कि इस बार गुजरात की चुनावी फिजा बिल्कुल बदल गई है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। मिश्र ने बताया कि मुंबई कांग्रेस ने बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ताओं को गुजरात चुनाव में पार्टी के प्रचार के लिए भेजा है। 

चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे फडनवीस

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री चार दिन पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 1 से 7 दिसंबर क बीच गुजरात में जगह-जगह आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। फडनवीस इसके पहले भी एक दिन के लिए गुजरात गए थे। 

Created On :   30 Nov 2017 12:55 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story