- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एक शख्स की लाश और दूसरे की रेल...
एक शख्स की लाश और दूसरे की रेल ट्रेक पर गर्दन मिलने से फैली सनसनी
डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोंढाली में एक शख्स की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बॉबी माकन नामक शख्स को मौत के घाट उतार दिया गया। जो कल से लापता था। मृतक के 2 बच्चे हैं। शव के पास ही उसकी कार थी। आशंका जताई जा रही है कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर उसकी हत्या कर दी गई, हालांकि पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुटी है।
इसके अलावा एमआईडीसी थानांतर्गत दो वाहनों की टक्कर में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार को हुई। प्रकरण दर्ज किया गया है। कलमेश्वर रोड चिचोली निवासी सचिन सिंगारे (34) शुक्रवार की दोपहर करीब सवा एक बजे अपने मिनी मालवाहन क्र. एमएच 40 एन 0860 से कहीं जा रहा था। इस दौरान एमआईडीसी क्षेत्र में चौराहा पार करते समय मोटरसाइकिल क्र.एमएच 40 बीडी 2753 का चालक सागर महेश प्रसाद (32) कन्हान निवासी मालवाहक से टकरा गया, जिससे गंभीर रूप से घायल सागर की मौत हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान सागर के वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वह मोटसाइकिल पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हादसे के लिए सागर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
टिप्पर की टक्कर से ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत
उधर हुड़केश्वर थानांतर्गत रिंग रोड पर शनिवार को हादसा हुआ। टिप्पर की टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद अरोपी चालक टिप्पर सहित भाग गया। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे के दौरान सौरभ कीर्तिदास खोब्रागडे, उसका िमत्र शिशुपाल पिडघाम दोनों उमरेड़ तहसील अंतर्गत अकोला के निवासी अपनी ट्रैक्टर ट्राली क्र.एमएच 40 एल 3875 पांढुर्णा से अपने गांव ले जा रहे थे। इस दौरान आउटर रिंग रोड पर ओरिएंटल कंपनी के सामने पीछे से आए अज्ञात टिप्पर चालक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान टिप्पर की रफ्तार इतनी तेज थी कि भिड़ंत होते ही ट्रैक्टर दो पलटी खाते हुए सड़क किनारे जाकर िगर गया। चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि शिशुपाल मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक टिप्पर सहित भाग गया है। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच जारी है।
उधर खापरखेड़ा में एक युवक से लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया। फरियादी की शिकायत के अनुसार मामले में दो महिलाओं की लिप्तता भी बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिल्लेवाड़ा निवासी स्वप्निल बंडू कांबले (19) ने पुलिस को बताया कि, उसके मोबाइल पर दिल्ली निवासी तीन आरोपियों ने 25 मार्च 2019 से 23 अप्रैल के बीच फोन कर उसे लोन दिलाने का झांसा देते रहे। इसके ऐवज में उससे प्रोसिजर फीस के नाम पर करीब 1 लाख 67 हजार 558 रुपए जमा करने कहा। लगातार फोन करने से युवक आरोपियों के झांसे में आ गया और उसने खाते में रकम जमा कर दी। रकम जमा करनेे के बावजूद लोन नहीं मिलने पर स्वप्निल का उक्त नंबर पर संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद उसे अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। फरियादी की शिकायत पर खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन अज्ञात आराेपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 420,34 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश व आगे की जांच पुलिस हवालदार मेश्राम कर रहे हैं।
32 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
वहीं हिंगना पुलिस ने एक फरार आरोपी को करीब 32 साल बाद उसके ससुराल से धरदबोचा। आरोपी नामदेव विठोबा मडावी सुकली कलार हिंगना का निवासी है। उसके खिलाफ हिंगना थाने में धारा 341, 324, 325 के तहत मामला दर्ज है। वह कोर्ट में हाजिरी लगाने जाया करता था। शादी हो जाने के बाद वह अपनी ससुराल काटोल तहसील के मालेगांव में रहकर खेती का कामकाज करने लगा। बाद में उसने कोर्ट जाना बंद कर दिया था। अदालत ने उसे फरार घोषित कर दिया था। हिंगना पुलिस ने उसे करीब 32 साल पर धरदबोचा। पुलिस सूत्रों के अनुसार हिंगना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उनके यहां दर्ज मामले का आरोपी नामदेव मडावी मालेगांव काटोल में रहता है। यह जानकारी हिंगना के हवलदार संजय तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। हिंगना के वरिष्ठ थानेदार राजेंद्रकुमार तिवारी के आदेश पर हिंगना पुलिस का एक दल काटोल पुलिस से संपर्क किया। काटोल पुलिस की मदद से हिंगना पुलिस ने फरार आरोपी को धरदबोचा। काटोल पुलिस के साथ हिंगना पुलिस जब नामदेव के ससुराल मेंे पहुंची और दरवाजे पर दस्तक दी। दरवाजा नामदेव ने ही खोला। उसने पुलिस को अपना पूरा नाम नामदेव विठोबा मडावी बताया। 55 वर्षीय नामदेव ने पुलिस से कहा िक वह पहले कोर्ट में कई बार हाजिरी लगा चुका था। उसकी शादी होने के बाद वह ससुराल में ही रहने लगा। यहां पर खेती करने लगा था, उसके बाद वह कोर्ट में जाना बंद कर दिया था। पुलिस ने उसे हिंगना में अदालत के समक्ष पेश िकया। अदालत ने उसे 1500 रुपए जुर्माना भरने व शाम तक हाजिर रहने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं भरने पर 7 दिन के लिए जेल भेजने की सजा सुनाई। इस कार्रवाई में हवलदार संजय तिवारी, नायब पुलिस सिपाही ध्रुव पांडे, सिपाही मंगेश मापारी, राहुल पोकले व अन्य ने सहयोग किया।
उधर उमरेड पुलिस स्टेशन से लगभग 6 किमी दूर स्थित वायगांव घोटुर्ली में दो घरों से लगभग 3 लाख 74 हजार की चोरी का मामला प्रकाश में आया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात 1 बजे से 5 बजे के दरम्यान वायगांव घोटुर्ली निवासी चंदा भोला उइके के घर में अलमारी में रखे सोने व चांदी के आभूषण कीमत 1 लाख 50 हजार तथा नकद 1 लाख 14 हजार ऐसा कुल 2 लाख 64 हजार के माल पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ किया। उसी प्रकार भगवान पाल के घर को भी निशाना बनाते हुए अलमारी से सोने- चांदी के गहने कीमत 75 हजार तथा नगद 35 हजार अज्ञात आरोपी चुरा ले गए। दो मकानों में चोरी की घटना को अंजाम देते हुए आरोपी लगभग 3 लाख 74 हजार का माल ले उड़े। उल्लेखनीय है कि, दोनों की घटना में आरोपियों ने पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश कर चोरी काे अंजाम दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर उमरेड पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 457,380 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश व आगे की जांच उमरेड पुलिस कर रही है।
कन्हान के नया पुलिस थाना अंतर्गत आने वाले रमानगर परिसर में एक 38 वर्षीय विवाहित युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रमानगर निवासी अविनाश लक्ष्मण टेंभेकर (38) की पत्नी और दो बच्चे है। शनिवार को अविनाश की पत्नी बच्चों को लेकर नागपुर गई थी। इस बीच दोपहर के समय अविनाश ने अपने घर के कमरे में बल्ली से फांसी लगा ली। यह दृश्य देख कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहंुचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेजा गया। बहरहाल आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच नया थाना पुलिस कर रही है।
महाविद्यालयीन छात्रा ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
उधर खापरखेड़ा में एक महाविद्यालयीन छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। मृतक का नाम वार्ड क्रमांक-3, खापरखेड़ा निवासी प्रीति अरुण आगरे (21) है। बताया जा रहा है कि, घटना के दिन प्रीति के माता-पिता व एक बहन तीनों सावनेर तहसील कार्यालय मंे किसी काम के सिलसिले में गए थे। घर में प्रीति के अलावा उसका मतिमंद भाई ही था, जो अपने कमरे में आराम कर रहा था। इस बीच घर के हॉल में उसने फांसी लगा ली। जब परिजन वापस लौटे तो बाहर से दरवाजा बंद था। आवाज देने पर भी प्रतिसाद नहीं मिलने के बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर प्रीति फंदे पर नजर आई। घटना की जानकारी मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया व शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के शासकीय अस्पताल भेजा। बहरहाल आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज कर पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत मदने के मार्गदर्शन में आगे की जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक मीना बारंगे व रामेश्वर कटरे कर रहे हैं
उधर कन्हान रेलवे स्टेशन पर किसी शख्स का कटा हुआ सिर मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। मृतक कौन है, इसे लेकर पहचान की जा रही है, हालांकि अबतक उसके बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। रेलवे पुलिस छानबीन कर रही है
युवक ने की आत्महत्या
Created On :   28 April 2019 10:11 AM GMT