पुणे : अलग-अलग मामलों में 7 लोगों की मौतें, भूत का डर दिखा बुजुर्ग महिला से लाखों लूटे

Seven deaths during different incidents in Pune District
पुणे : अलग-अलग मामलों में 7 लोगों की मौतें, भूत का डर दिखा बुजुर्ग महिला से लाखों लूटे
पुणे : अलग-अलग मामलों में 7 लोगों की मौतें, भूत का डर दिखा बुजुर्ग महिला से लाखों लूटे

डिजिटल डेस्क, पुणे। मुंबई महामार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात खोपोली की सीमा में आडोशी गांव के पास भीषण कार दुर्घटना हुई, जिसमें बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मोतीलाल मोतीवाले (70), उषा मोतीलाल मोतीवाले (65)की मौत हो गई हैं। जबकि उनकी बहू मोहिनी मोतीवाले (30), पोती खुशी (15) और पोता शान (2) घायल हो गए हैं। रविवार रात सभी मुंबई लौट रहे थे। उतार होने के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे महामार्ग से रेलिंग से जा टकराई। 

करंट लगने से तीन की मौत

माण स्थित भोईर वाड़ी इलाके में सड़क पर बिजली का काम करते वक्त करंट लगने से तीन कामगारों की मौत हो गई। सोमवार शाम सागर आयप्पा माशालकर (20), सागर कुपु पारंडेकर (19), राजू कुपु पारंडेकर (35) की मौत हो गई। अन्य एक कामगार गंभीर रूप से झुलस गया। चारों कामगार भोईर वाड़ी के जय गणेश कॉलोनी के पास सड़क पर लाइट लगा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।  

पत्नी की प्रताड़ना से परेशान पति ने लगाई फांसी

पत्नी और उसके मायकेवालों की प्रताड़ना से परेशान पति ने घर में फासी लगाकर आत्महत्या की। यह घटना हड़पसर स्थित कालेपड़ल परिसर में सामने आई। पुलिस ने बताया कि सतीश बापू गायकवाड़ (22) ने आत्महत्या की है। उसकी मां ज्योति गायकवाड़ ने हड़पसर पुलिस थाने में शिकायत दी है. जिस अनुसार सतीश की पत्नी, सास, ससुर, साला और साली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सतीश मूल सोलापुर के करमाला तहसील स्थित साड़े गांव का निवासी था। सात महिने पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी के साथ कालेपड़ल परिसर में रहने लगा। पारिवारिक विवाद के चलते सतीश की पत्नी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया करती थीं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।  

घर में भूत होने का हवाला दे बुजुर्ग महिला से ऐंठे 20 लाख 90 हजार

घर में भूत, आत्मा का डर दिखा बुजुर्ग महिला से 20 लाख 90 हजार रूपए ऐंठने का मामला कर्वेनगर में सामने आया। पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर कर्वेनगर परिसर स्थित 70 वर्षीय महिला के बेटे ने अलंकार पुलिस थाने में शिकायत दी है, जिस अनुसार एक महिला और पुरूष पर धोखाधड़ी, जादू टोना विरोधी कानून धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला का बेटा बाहर गया हुआ था। इसलिए वह अकेली ही रहती हैं। इसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने महिला को भरोसे में लिया। इसके बाद करतूत को अंजाम दिया। महिला के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।    

खेत में मिला जला हुआ शव

सोलापुर में एनटीपीसी बिजली निर्मिति परियोजना के पास एक खेत में 37 वर्षीय दर्जी का शव जली अवस्था में पाया गया। पुलिस ने बताया कि 37 वर्षीय नरेश श्रीहरी चिलगानी का शव मिला है। सोलापुर पुलिस ने अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया है। नरेश का विडी घरकुल, कुंभारी परिसर में दर्जी का व्यवसाय था। उसकी हाल ही में शादी तय हुई थी। चार महीने बाद उसकी शादी थी। रविवार की रात नरेश घर से दुपहिया लेकर बाहर चला गया। सोमवार की सुबह एनटीपीसी बिजली निर्मिति परियोजना के पास एक खेत में उसका जला हुआ शव मिला। पुलिस नरेश के दोस्त, परिजनों से पूछताछ कर रही है।   

Created On :   30 Dec 2019 5:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story