बैंक के 20 लाख लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल में बनाई थी योजना

Shahdol : Two robbers arrested for 20 lac rupees bank robbery
बैंक के 20 लाख लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल में बनाई थी योजना
बैंक के 20 लाख लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेल में बनाई थी योजना

डिजिटल डेस्क, शहडोल। पपौंध में 20 लाख रुपए लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर रीवा और नैनी जेल से लाया गया है। मामले में अभी भी तीन आरोपी फरार हैं। वहीं कुछ स्थानीय लोगों के शामिल होने का भी पता चला है। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

पकड़े गए दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं। जो मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। अधिकतर घटनाएं बैंक लूट से संबंधित हैं। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयेाजित प्रेस वार्ता में एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि लूट की घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। सितंबर माह में आरोपी शत्रुघ्न पांडेय उर्फ बबलू पांडेय पिता बीरनवली पांडेय (41) निवासी लालकपुरवा शंकरगढ़ (उप्र) को रीवा में गिरफ्तार किया गया था। वहीं आरोपी अजय मिश्रा पिता राजनारायण मिश्रा (38) निवासी सराय अकील जिला कौशाम्बी (उप्र) के इलाहाबाद में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ शहडोल में बैंक का पैसा लूटने की बात कबूली थी। इसके बाद शहडोल पुलिस की एक टीम दोनों से पूछताछ करने भी गई थी। शत्रुघ्न पांडेय रीवा जेल में और अजय मिश्रा नैनी जेल में बंद था। दोनों को बुधवार को शहडोल लाया गया था।

जल्द ही होगी रिकवरी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कुछ स्थानीय लोगों के शामिल होने की जानकारी भी दी है। पता चला है कि अजय मिश्रा कुछ समय पहले ब्यौहारी जेल में बंद था। यहां उसकी पहचान कुछ स्थानीय अपराधियों से हुई। उनके साथ मिलकर ही उसने बाहर निकलने पर बैंक का पैसा लूटने की योजना बना ली थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने गैंग के साथियों के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया। मामले में गिरोह के तीन अन्य सदस्य संतोष मिश्रा, सोनू दुबे और जिया खान फरार हैं।

6 लोगों में बंटा पैसा
आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि लूट का पैसा उन्होंने छह लोगों में बांटा था। पांच लोगों ने साढ़े तीन-साढ़े तीन लाख लिए थे। एक को ढाई लाख रुपए दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ करेगी। जहां भी आरोपी बताएंगे पुलिस राशि रिकवर करने जाएगी। पुलिस को शक को-आपरेटिव बैंक के आसपास रहने वाले लोगों को पर है, क्योंकि लूट से पहले आरोपियों ने रेकी की थी।

यह है पूरा मामला
24 अप्रैल 2018 को शहडोल सहकारी केंद्रीय बैंक से 20 लाख रुपए कैश लेकर पपौंध को-ऑपरेटिव बैंक के मैनेजर जयराम त्रिपाठी फोर व्हीलर वाहन से अपने साथी अशोक पांडेय और ड्राइवर राधे श्याम जायसवाल के साथ बैंक जा रहे थे। शाम करीब 4 बजे मुरचोर घाटी के पास पीछे से दो बाइक में चार लोगों ने गाड़ी को ओवरटेक किया और गाड़ी को रोकने का इशारा किया। इस बीच बदमाशों ने ड्राइवर पर 3-4 फायर किए। गोली चालक के कंधे पर लगी थी। गाड़ी रुकने पर आरोपी नोटों से भरा बैग और तीनों के मोबाइल छीनकर भाग निकले थे। शिकायत पर पपौंध थाने में 74/18 धारा 394 का प्रकरण दर्ज किया गया था।  

 

Created On :   1 Feb 2019 10:34 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story