आदित्य ठाकरे को शिंदे सरकार का झटका, पर्यटन विभाग के कार्यों पर लगाई गई रोक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश की शिंदे सरकार ने पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार में पर्यटन मंत्री रहे आदित्य ठाकरे को झटका दिया है। शिंदे सरकार ने क्षेत्रिय पर्यटन विकास योजना साल 2022-23 के तहत प्रशासनिक मंजूरी प्राप्त जिला स्तर के 381 करोड़ 30 लाख 71 हजार रुपए के कामों पर रोक लगा दी है। जबकि महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल से संबंधित 214 करोड़ 80 लाख 7 हजार रुपए के कामों को भी अगले आदेश तक रोक लगाया गया है। सोमवार को राज्य के पर्यटन विभाग की तरफ से इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। इसके अनुसार महाविकास आघाड़ी सरकार ने पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रिय पर्यटन योजना के जरिए साल 2022-23 में जिला स्तर के 381 करोड़ 30 लाख 71 हजार रुपए के कामों को प्रशासनिक मंजूरी दी थी। इसके तहत बीते 28 जून को शासनादेश के जरिए 169 करोड़ 64 लाख 38 हजार रुपए मंजूर किए गए थे। जबकि महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल से संबंधित 214 करोड़ 80 लाख 7 हजार के कामों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। जिसके तहत बीते 28 जून को शासनादेश के माध्यम से 64 करोड़ 52 लाख रुपए मंजूर किए गए थे। इसके एक दिन बाद यानी 29 जून को महाविकास आघाड़ी सरकार के अल्पमत में आने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया था। अब शिंदे सरकार ने पूर्व की महाविकास आघाड़ी सरकार के आखिरी दिनों में मंजूरी कामों की निधि को रोकने का फैसला किया है।
Created On :   25 July 2022 9:11 PM IST