शिवसेना ने सुनील शिंदे और गोपीकिशन बाजोरिया को बनाया प्रत्याशी

Shiv Sena has fielded Sunil Shinde and Gopikishan Bajoria as candidates
शिवसेना ने सुनील शिंदे और गोपीकिशन बाजोरिया को बनाया प्रत्याशी
कदम का टिकट कटा   शिवसेना ने सुनील शिंदे और गोपीकिशन बाजोरिया को बनाया प्रत्याशी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना ने विधान परिषद की मुंबई स्थानीय प्राधिकारी सीट से पूर्व विधायक सुनील शिंदे और अकोला-बुलढाणा-वाशिम स्थानीय प्राधिकारी सीट गोपीकिशन बाजोरिया को उम्मीदवारी दी है। पार्टी ने मुंबई सीट से वर्तमान विधान परिषद सदस्य रामदास कदम का टिकट काटकर शिंदे को प्रत्याशी बनाया है। शिंदे ने साल 2019 के विधानसभा चुनाव में मुंबई के वरली की सीट शिवसेना नेता तथा प्रदेश के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे के लिए छोड़ दी थी। जिसके बाद अब पार्टी ने शिंदे को विधान परिषद में भेजने का फैसला किया है। विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी कोटे की 6 सीटों पर 10 दिसंबर को मतदान होगा। इसमें मुंबई स्थानीय प्राधिकारी 2 सीटों का समावेश है। मुंबई की दूसरी सीट पर भाजपा ने पूर्व विधायक राजहंस सिंह को उम्मीदवारी दी है। मुंबई मनपा के नगरसेवकों द्वारा निर्वाचित होने वाली विधान परिषद की दोनों सीट पर शिवसेना और भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। विधान परिषद की मुंबई की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 77 वोटों की जरूरत पड़ेगी। मुंबई मनपा में शिवसेना के पास 99 नगरसेवक, भाजपा के पास 83 नगरसेवक, कांग्रेस और राकांपा व अन्य दलों को मिलाकर 47 नगरसेवक हैं। मुंबई मनपा में वर्तमान में कुल 229 नगरसेवक हैं। नगरसेवकों की संख्याबल के अनुसार शिवसेना और भाजपा एक-एक सीट आसानी से जीत जाएगी। जबकि विधान परिषद में मुंबई सीट से कांग्रेस के वर्तमान सदस्य भाई जगताप को दोबारा जीतने की राह काफी मुश्किल है। हालांकि कांग्रेस ने मुंबई सीट के लिए अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। 

शिवसेना ने कदम को दिया झटका 

शिवसेना ने मुंबई स्थानीय प्राधिकारी सीट से वर्तमान विधान परिषद सदस्य तथा पूर्व मंत्री रामदास कदम का टिकट काट दिया है। पिछले दिनों कदम का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें वह शिवसेना के परिवहन मंत्री अनिल परब के खिलाफ भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया को दस्तावेज देने का जिक्र करते हुए सुनाई दे रहे थे। इसके बाद से कदम को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की नाराजगी बनी हुई है। अब शिवसेना ने कदम का विधान परिषद का टिकट काटकर उन्हें बड़ा झटका दिया है। 

बाजोरिया को चौथी बार मिली उम्मीदवारी

दूसरी ओर शिवसेना ने अकोला-बुलढाणा-वाशिम स्थानीय प्राधिकारी सीट बाजोरिया को चौथी बार उम्मीदवारी दी है। इस सीट पर बाजोरिया का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार वसंत खंडेलवाल से होगा। हालांकि बाजोरिया ने दावा किया है कि वे जीत का चौका मारेंगे। 
 

Created On :   20 Nov 2021 4:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story