- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पुणे में रची गई थी शिवसेना नेता की...
पुणे में रची गई थी शिवसेना नेता की हत्या की साजिश, एक नाबालिग गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना के पूर्व नगरसेवक अशोक सावंत की हत्या के मामले में पुलिस ने 17 साल के नाबालिग को पुणे से हिरासत में लिया है। नाबालिग ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने सावंत पर धारदार हथियार से चार वार किए हैं। बुधवार को आरोपी को बाल न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे रिमांड होम में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी तस्वीरों और आरोपियों से पूछताछ के बाद आरोपी के घटनास्थल पर मौजूदगी का खुलासा हुआ था। जिसके बाद उसे पुणे से गिरफ्तार किया गया। जांच में यह पता चला कि सावंत पर धारदार हथियार से हमला करने वालों में आरोपी भी शामिल था। सावंत पर कुल 20 वार किए गए थे।
घायल सावंत ने अस्पताल जाते वक्त तोड़ा था दम
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बुरी तरह घायल सावंत ने दम तोड़ दिया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सावंत की हत्या की साजिश 45 दिन पहले पुणे में रची गई थी। हालांकि इसकी वजह क्या है इसका खुलासा मुख्य आरोपी जगदीश पवार उर्फ जग्गा की गिरफ्तारी के बाद ही होगा। क्योंकि उसी ने पैसे का लालच देकर बाकी आरोपियों को इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तैयार किया था। मामले में पुलिस पहले ही सोहैल देढिया और गणेश जोगदंड नाम के आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। वहीं मामले में जगदीश के अलावा गजेंद्र नाम के एक और आरोपी की तलाश की जा रही है।
दो बार शिवसेना की ओर से नगरसेवक
जानकारी के मुताबिक अशोक केबल का बिजनेस करते थे। समता नगर पुलिस ने जांच पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को लेकर हत्या का शत जताया गया था। सावंत दो बार शिवसेना की ओर से नगरसेवक रहे। सावंत मुंबई के आतंकवाद विरोधी दस्ते में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात सुभाष सावंत के भाई थे। पुलिस के मुताबिक इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब सावंत अपने एक दोस्त से मिलकर घर वापस लौट रहे थे।
Created On :   10 Jan 2018 9:11 PM IST