सुरक्षा केे बीच हटाया गया शिवाजी महाराज का पुतला

Shivaji Maharajs effigy removed amid security
सुरक्षा केे बीच हटाया गया शिवाजी महाराज का पुतला
अमरावती सुरक्षा केे बीच हटाया गया शिवाजी महाराज का पुतला

डिजिटल डेस्क, अमरावती। शहर के राजापेठ उड़ान पुल पर युवा स्वाभिमानी पार्टी के प्रयास से चार दिन पूर्व स्थापित किया गया छत्रपति शिवाजी महाराज का पुतला शनिवार की मध्यरात्रि के बाद पुलिस के तगड़े बंदोबस्त के बीच मनपा व पुलिस प्रशासन ने हटा दिया है। किसी भी तरह की कोई अनुचित घटना न हो, इसके लिए सांसद नवनीत राणा व विधायक रवि राणा को उनके शंकरनगर स्थित निवासस्थान पर नजरबंद किया गया। उनके घर के बाहर पुलिस का तगड़ा बंदेाबस्त तैनात किया गया है। साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में भी पुलिस तैनात है। उल्लेखनीय है कि राजमाता जिजाऊ की जयंती निमित्त शिवाजी महाराज का पुतला 12 जनवरी को बिना अनुमति के राजापेठ उड़ान पुल पर स्थापित किया था। तभी से हर दिन युवा स्वाभिमान के कार्यकर्ता व शिवप्रेमी पूजा अर्चना कर रहे थे। पुतला कायम स्वरूप वहीं पर रखने के लिए सभी आवश्यक अनुमति बहाल करने की मांग विधायक रवि राणा ने मनपा प्रशासन से की थी। उन्होंने दो दिन पूर्व अमरावती मनपा की बैठक में अनुमति नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी प्रशासन को दी थी।

 जिस पर प्रशासन ने अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं की थी। आखिरकार शनिवार मध्यरात्रि पुलिस के तगड़े बंदोबस्त में मनपा प्रशासन ने राजापेठ उड़ान पुल पर स्थापित शिवाजी महाराज का पुतला हटा दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा कारणों से पुलिस ने सांसद नवनीत राणा व विधायक रवि राणा को घर पर ही मध्यरात्रि को नजरबंद कर रखा। पुतला हटाने से युवा स्वाभिमान के कार्यकर्ता संतप्त हैं। तीव्र आंदोलन होने की आशंका होने से पुलिस ने बंदोबस्त बढ़ा दिया है।
 

Created On :   17 Jan 2022 11:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story