कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी भाजपा में शामिल: शिवराज का कमलनाथ पर तंज-कटनी में गिट्टी का टुकड़ा भी नहीं लगाया

July 7th, 2022

डिजिटल डेस्क कटनी। नगरीय निकाय चुनाव में गुरुवार को कांग्रेस को उस समय बडा झटका लगा जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सामने वार्ड नंबर 17 की कांग्रेस पार्षद  प्रत्याशी निशा मिश्रा भाजपा में शामिल हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री स्थानीय घंटाघर में आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि उनके 15 माह के कार्यकाल में कटनी में गिट्टी का एक टुकड़ा नहीं लगा। जब भी कटनी के लिए लोगों ने कुछ मांगा तो कहते थे मेरे पास पैसे नहीं नहीं हैं, खजाना खाली है। इसीलिए जनता ने भी कुर्सी से उतार दिया। भाजपा की महापौर प्रत्याशी ज्योति दीक्षित के समर्थन में घंटाघर में आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कटनी से जबलपुर तक सडक़ की दशा ऐसी थी कि गाड़ी टूट जाती थी। श्री चौहान ने कहा कि कटनी को हाईटैक, ग्रीन-क्लीन बनाया जाएगा। उन्होने कहा कि संकल्पपत्र में जो भी वादे किए हैं, उसके लिए हर व्यवस्था की जाएगी। आमसभा में भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया। जिसमें कटनी शहर के विकास का विजन बताया। आमसभा को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने भी संबोधित किया। प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने कहा कि कटनी में विकास की एक ईंट भी लगी है तो भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगी है। श्री शर्मा ने कटनी में मेडिकल कालेज दिलाने का एक बार फिर संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री श्री चौहान शाम करीब सात बजे हैलीकाप्टर से झिंझरी स्थित हैलीपैड पहुंचे। यहां से खुली जीप में रैली के रूप में सभा स्थल घंटाघर पहुंचे।  पूरे रास्ते मुख्यमंत्री का गर्मजोश स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही जिंदाबाद एवं जयश्रीराम के घोष से सभा स्थल गूंज उठा। भाजपाजनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।