भगोड़े नीरव मोदी के लिए तैयार है आर्थर रोड जेल का विशेष कमरा, बैरक नंबर 12 में रहेगा आशियाना 

Special room of Nirav Modi is ready for Arthur Road Jail in barrack number 12
भगोड़े नीरव मोदी के लिए तैयार है आर्थर रोड जेल का विशेष कमरा, बैरक नंबर 12 में रहेगा आशियाना 
भगोड़े नीरव मोदी के लिए तैयार है आर्थर रोड जेल का विशेष कमरा, बैरक नंबर 12 में रहेगा आशियाना 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पंजाब नेशनल बैंक घोटाला मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के प्रत्यार्पण को यूके की अदालत से मिली मंजूरी के बाद मुंबई की आर्थर रोड जेल में स्थित विशेष सेल को उसे कैद में रखने के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है। मुंबई लाए जाने के बाद उसे बैरक नंबर 12 में स्थित 3 विशेष सेल में से एक में रखा जाएगा। इस बैरेक में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम भी रहते हैं। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि सेल पूरी तरह तैयार है और उसे जब भी भारत लाया जाएगा तुरंत यहां रखा जा सकता है।

दरअसल केंद्र सरकार ने राज्य के गृह विभाग से इससे जुड़ी जानकारी मांगी थी क्योंकि आगे शुरू होने वाली प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत यूके की अदालत को इसकी जानकारी दी जाएगी। राज्य सरकार ने जेल में मौजूद सभी सुविधाओं की जानकारी केंद्र सरकार को दी है। केंद्र को यह भी बताया गया है कि जिस बैरेक में मोदी को रखा जाएगा वहां कैदियों की संख्या बेहद सीमित होगी। मोदी को जिस सेल में रखा जाएगा उसमें तीन स्वेयर मीटर की जगह होगी और उसे चटाई, तकिया, बेडशीट और कंबल दिया जाएगा।

इसके अलावा निजी चीजें रखने की जगह, पर्याप्त रोशनी और ताजी हवा आने की जगह भी सेल में होगी। मोदी को मार्च 2019 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से उसने जमानत हासिल करने की कई बार कोशिश की लेकिन उस पर लगे आरोपों की गंभीरता को देखते हुए यूके की अदालतों से उसे राहत नहीं मिली। प्रत्यर्पण से बचने के लिए मोदी ने भारतीय जेलों की खराब स्थिति और न्याय न मिलने की दुहाई दी थी, लेकिन यूके की अदालत ने यह कहते हुए उसके दावे को खारिज कर दिया था कि इस बात के कोई सबूत नहीं हैं, जिससे यह दावा किया जा सके कि भारतीय अदालतों में उसे न्याय नहीं मिलेगा। करीब दो साल की कानूनी लड़ाई के बाद उसे हार का सामना करना पड़ा। मोदी पर 14 हजार करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है।  

 

Created On :   26 Feb 2021 2:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story