- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- छवि को लेकर परेशान थे सुशांत,...
छवि को लेकर परेशान थे सुशांत, आत्महत्या से पहले गूगल पर खोजा था अपना नाम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आत्महत्या से पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मोबाइल पर अपना नाम गूगल सर्च कर अपने बारे में लिखे कुछ लेख पढ़े थे। सुशांत के मोबाइल की प्राथमिक फोरेंसिक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। इससे संकेत मिलते हैं कि सुशांत अपने बारे में छप रही खबरों को लेकर परेशान थे। उनके करीबियों ने भी पुलिस को दिए अपने बयान में इस बात का जिक्र किया है कि वे पिछले कुछ दिनों से अपने करियर और छवि को लेकर परेशान थे और उन्हें आशंका थी साजिश के तहत कुछ लोग उनकी छवि और कैरियर खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। आत्महत्या से पहले 14 जून को सुबह सवा 10 बजे के करीब गूगल पर अपना नाम सर्च किया था। गूगल सर्च हिस्ट्री में उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत लिखा था। इसके बाद सामने आए कुछ समाचार और वेबसाइट के लेख पढ़ने के बाद उसे बंद कर दिया था।
वहीं उनके विसरा रिपोर्ट से भी साफ हुआ है कि फांसी लगाने के चलते ही सुशांत की जान गई। उनके शरीर में किसी तरह का संदिग्ध रसायन या जहर नहीं पाया गया। विसरा विश्लेषण के लिए जेजे अस्पताल भेज गया था। इससे पहले आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी यह साफ हुआ था की सुशांत की मौत फांसी लगाने के बाद दम घुटने के चलते हुई थी। मामले की छानबीन कर रही बांद्रा पुलिस अब तक 28 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस सुशांत ने आत्महत्या क्यों की इसे लेकर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है।
Created On :   1 July 2020 9:39 PM IST