- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- मंत्री सिलावट बोले छात्रों की...
मंत्री सिलावट बोले छात्रों की करेंगे मदद, किराया भी देंगे, सांसद नकुलनाथ ने कहा- खर्च उठाएंगे

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। लॉकडाउन में इंदौर में फंसे छात्रों की स्थिति मजदूरों से भी गई गुजरी हो गई है। मजदूर तो पैदल नहीं निकल पड़े। रास्तों से उठाकर उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी हो रही है। जबकि छात्र पैदल निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। वे लौटने के लिए साधन का इंतजार कर रहे हैं। जो सक्षम हैं और जिनके पास साधन हैं वे पहले ही लौट गए हैं। जो सक्षम नहीं हैं वे मदद का इंतजार कर रहे हैं। इंदौर में छात्र और पीथमपुर में मजदूर फंसे हुए हैं। जिनकी संख्या सैकड़ों में हैं। दैनिक भास्कर ने 22 मई के अंक में छात्रों की व्यथा को प्रमुखता से उठाया। अब जनप्रतिनिधियों का ध्यान इन छात्रों की ओर गया है। मंत्री तुलसी सिलावट का कहना है कि छात्रों की मदद की जाएगी। उन्होंने दो बसों की व्यवस्था बनाने इंदौर प्रशासन को निर्देशित किया है। वहीं सांसद नकुलनाथ ने भी अपने जिले के छात्रों को लाने के लिए पहल की है।
सैकड़ों छात्र फंसे, डाटा जुटाने की जरूरत:
देवी अहिल्या विवि इंदौर में शोधार्थी नितिन मोहन डेहरिया ने बताया कि इंदौर में सैकड़ों की संख्या में छात्र फंसे हुए हैं। अधिकांश ने लौटने की व्यवस्था न होने की जानकारी दी है। डाटा जुटाया जाए तो संख्या और अधिक हो सकती है। पिछले 10 दिनों से छात्रों की मदद के लिए प्रयास कर रहे हैं। स्वतंत्र शुक्ला ने बताया कि उनके पास छिंदवाड़ा के कई छात्रों ने फोन के जरिए संपर्क कर मदद मांगी। जिस पर शासन प्रशासन को अवगत कराया गया लेकिन अब तक किसी भी तरह की मदद नहीं हो सकी है।
क्या कहा- मंत्री व सांसद ने:
लॉकडाउन के दौरान मजदूरों सहित अन्य जरुरतमंदों की मदद की जा रही है। हमें छिंदवाड़ा के 25 छात्रों के इंदौर में होने की जानकारी है। संख्या अधिक है तो सूची उपलब्ध होने पर सभी छात्रों की मदद करेंगे। जरूरत पडऩे पर किराया भी देंगे। छात्रों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
- तुलसी सिलावट, प्रभारी मंत्री, मालवा-ग्वालियर संभाग
छिंदवाड़ा भास्कर में उक्त खबर को पढऩे के बाद मैंने अपने साथियों व सहयोगियों और छिंदवाड़ा कांग्रेस कार्यालय को निर्देश दिया है कि वे इंदौर से छात्रों को लाने की व्यवस्था बनाएं। हम इसका खर्च उठाएंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश भर में मजदूर वर्ग को उनके घर पहुंचाने व्यवस्था का आह्वान किया है। यह तो मेरे गृह जिले का विषय है। छात्रों व मजदूरों की हर संभव मदद की जाएगी।
- नकुलनाथ, सांसद, छिंदवाड़ा
Created On :   23 May 2020 3:54 PM IST