24 घंटे में मिला चोरी हुआ 4 घंटे का बच्चा, इस तरह गिरफ्तार हुए बच्चा चोर दंपति

The three accused arrested in child theft case from kalyan area
24 घंटे में मिला चोरी हुआ 4 घंटे का बच्चा, इस तरह गिरफ्तार हुए बच्चा चोर दंपति
24 घंटे में मिला चोरी हुआ 4 घंटे का बच्चा, इस तरह गिरफ्तार हुए बच्चा चोर दंपति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ठाणे सिविल अस्पताल से चार घंटे के नवजात की चोरी की गुत्थी 24 घंटे में सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार सुबह बच्चे को एक महिला चुरा ले गई थी। आरोपी महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसी सुराग के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए अपराध शाखा ने आरोपियों को कल्याण इलाके से गिरफ्तार कर लिया। नवजात को उसके मां के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में बच्चा चुराने वाली गुड़िया राजभर (35) के अलावा उसके पति सोनू राजभर (40) और विजय श्रीवास्तव (55) नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दंपति के पास पुलिस को तीन और बच्चे मिले हैं जिनकी उम्र तीन महीने, पांच साल और सात साल है। बच्चे उनके ही हैं या चोरी किए गए हैं, पुलिस इस बात की जांच कर रही है।

बस अड्डों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले
सीनियर इंस्पेक्टर नितिन ठाकरे ने बताया कि अपराध शाखा ने समानांतर जांच शुरू की और छानबीन के दौरान हमारे हाथ अस्पताल के सीसीटीवी में कैद आरोपी की तस्वीरें लगीं। इसके बाद आसपास के रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। हमें पता चला कि आरोपी महिला ने ठाणे से ट्रेन पकड़ी और कल्याण स्टेशन पर उतरी। इसके बाद महिला और उसके साथियों को कल्याण पूर्व के पिसवली गांव से गिरफ्तार कर लिया। ठाकरे ने बताया कि फिलहाल बच्चा चोरी की वजह सामने नहीं आ पाई है। आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उनसे पूछताछ में मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

क्या है मामला
ठाणे के सिविल अस्पताल में भिवंडी के आदिवासीपाडा की रहने वाली मोहिनी भोवर (19) को प्रसूति के लिए भर्ती कराया गया था। रात 11 बजे के करीब उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद मोहिनी आराम कर रही थीं तभी तीन बजे के करीब गुड़िया उसके पास पहुंची और कहा कि बच्चे को बाहर बैठी तुम्हारी मां ने मांगा है। मोहिनी ने बच्चा उसे दे दिया। गुड़िया बच्चे को लेकर फरार हो गई। करीब एक घंटे बाद मोहिनी की मां वार्ड में पहुंची और बच्चे के बारे में पूछताछ की तो उसके चोरी होने की बात सामने आई। इसके बाद ठाणे के नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। 

Created On :   15 Jan 2018 2:59 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story