- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- कार और ट्रक की भिड़ंत में 5 मृत, 6...
कार और ट्रक की भिड़ंत में 5 मृत, 6 घायल

डिजिटल डेस्क, अमरावती। बडनेरा थाना क्षेत्र के तहत आनेवाले अंजनगांवबारी से शिरजगांव कसबा की ओर जानेवाली कार और 10 चक्का मालवाहक ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में 5 लोगों की मृत्यु हो गई। जबकि छह अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक 8 वर्षीय बालक का भी शामिल है। यह भीषण सड़क दुर्घटना नांदगांवपेठ थाना क्षेत्र में आनेवाले रहाटगांव रिंग रोड के पास कंदिल होटल के सामने रविवार सुबह 11.15 बजे के दौरान घटित हुई। चार घायलों की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। इन घायलों में एक 6 माह की बच्ची का भी है।
ये हैं मृतकों के नाम
नांदगांव पेठ के पुलिस जांच अधिकारी मोहन धांडे से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि इस भीषण सड़क दुर्घटना के मृतकों में अंजनगांवबारी निवासी तवेरा वाहन चालक रोशन रमेश आखरे, प्रतिभा सुभाष पोकले (50), विजय भाऊराव पोकले (55), शिरजगांव कसबा निवासी कृष्णा सचिन गाड़गे (8), जरुड़ ग्राम निवासी गजानन संतोष दारोकार (45) हैं। जबकि घायलों में 6 माह की बालिका शिरजगांव निवासी पिहु सचिन गाड़गे, जरुड़ निवासी रश्मी सचिन गाडगे, संगीता गजानन दारोकार, अंजनगांवबारी निवासी सुरेश भाऊराव पोकले (58), सुभाष भाऊराव पोकले (60) और ललीता विजय पोकले (50) का नाम शामिल हैं।
इस तरह हुआ हादसा
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार सामने से पूरी तरह चकनाचूर हो गई। साथ ही गाड़ी की डीजल टंकी भी फूट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलते ही गाड़गे नगर पुलिस और नांदगांवपेठ पुलिस तत्काल घटनास्थल आ पहुंची। सहायक पुलिस आयुक्त पूनम पाटिल भी अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहुंची। क्षेत्र के नागरिक सहायता के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। जख्मियों को किसी तरह वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। सड़क के दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह ठप हो गया। शहर यातायात पुलिस को भी घटनास्थल बुला लिया गया था। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया।
घटनास्थल पर पहुंचे राज्यमंत्री बच्चू कडू
रहाटगांव रिंगरोड़ पर भीषण सड़क दुर्घटना की जानकारी राज्यमंत्री बच्चू कडू को मिलते ही वह तत्काल अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल आ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर पुलिस के साथ घायलों की मदद की।
जा रहे थे रिश्ता तय करने
अंजनगांवबारी के किसान पोकले परिवार के यहां सुभाष पोकले की बेटी का दो दिन पूर्व ही विवाह समारोह था। इस कारण पूरा परिवार वहां था। सुभाष के छोटे भाई सुरेश पोकले का बेटा पुणे की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसका रिश्ता शिरजगांव कसबा में होनेवाला था, जिसके सिलसिले में रविवार को पोकले परिवार और उनके दामाद व बहनोई रिश्ता तय करने के लिए जा रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था, बीच रास्ते में ही यह भीषण दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना से इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।
Created On :   27 March 2022 4:42 PM IST