- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- नकली नाेट का गोरखधंधा करने वाले दो...
नकली नाेट का गोरखधंधा करने वाले दो आरोपी धरे गए, अकोला तक जुड़े हैं तार

डिजिटल डेस्क, अमरावती. पुलिस आयुक्त डॉ. आरती सिंह के विशेष दल ने मिली जानकारी के आधार पर नकली नोट का गोरखधंधा करने वाले दो जालसाज युवकों को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर बडनेरा थाना क्षेत्र के अंजनगांवबारी रोड स्थित राम मेघे अभियांत्रिकी महाविद्यालय के पास एक्सप्रेस हाईवे पर पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। इन जालसाजों के पास से 4 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इन नकली नोटों पर भारतीय बच्चों का बैंक अंकित है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए जालसाजों के नाम मूल नागपुर के हसनबाग निवासी, वर्तमान में बडनेरा और अमरावती के रहनेवाले शम्स अंसारी उर्फ मो. शमशुद्दीन तौफिक अंसारी (32) और बडनेरा शहर के वरुड़ परिसर निवासी संदीप सुरेश रायकवार (28) है। बताया जाता है कि, पुलिस आयुक्त के विशेष दल के सहायक निरीक्षक योगेश इंगले को जानकारी मिली थी कि, शहर में नकली नोटों को चलन में लाने वाला गिरोह पिछले दो माह से सक्रिय है। नकली नोटों का यह गोरखधंधा करने वाले अनेक लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं, लेकिन पुलिस को इसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इस कारण विशेष दल ने अपने खबरी को अलर्ट किया था। उनके माध्यम से विशेष दल को पता चला था कि, गुरुवार 7 अप्रैल को किसी के साथ बड़ी डीलिंग होने वाली है। इस जानकारी के आधार पर विशेष दल के सहायक निरीक्षक योगेश इंगले, जवान सुभाष पाटील, जहीर शेख, रणजीत गावंडे, रोशन वर्हाडे, सूरज चव्हाण, राजिक रायलीवाले, निखिल गेडाम के दल ने अंजनगांवबारी रोड स्थित राम मेघे अभियांत्रिकी महाविद्यालय के पास एक्सप्रेस हाईवे पर साधारण ड्रेस में जाल बिछाया। देर रात 1 बजे के दौरान आरोपी संदीप रायकवार और मो. शमशुद्दीन को भारतीय बच्चों के बैंक वाली नकली नोटों के साथ पकड़ लिया। यह दोनों जालसाज जिसके साथ डील हुई थी, उसके आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही पकड़ लिया। पुलिस को देखने के बाद दोनों आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर उन्हें दबोच लिया। उनके पास से 500, 200 और 100 रुपए के बंडल बरामद हुए हैं। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि, हर बंडल पर ऊपर और नीचे 1600 रुपए के असली नोट थे और बाकी 4 लाख रुपए नकली थे। संबंधित से यह सौदा उन्होंने 1 लाख रुपए में किया था और उन्हें चिल्ड्रेन नोट थमाकर धोखाधड़ी करने वाले थे। पुलिस ने इन आरोपियों पर कार्रवाई करने के बाद उन्हें देर रात बडनेरा पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी के घर से स्याही और कोरे कागज किए बरामद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी मो. शमशुद्दीन का रहने का एक ठिकाना नहीं था। दूसरा आरोपी संदीप रायकवार बडनेरा निवासी होने से उसके घर की पुलिस ने जब तलाशी ली तो उन्हें वहां से नकली नोट तैयार करने की स्याही और कोरे कागज बरामद हुए। कटिंग करने की मशीन बरामद नहीं हुई है।
अकोला तक जुड़े हैं तार
पुलिस सूत्रों ने बताया कि, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि, वह अकोला के किसी जावेद नामक व्यक्ति से यह नकली नोट शुरुआत में लाए थे और उसे चलन में लाने का प्रयास करने किसी को अपने जाल में फंसाकर डील किया करते थे। पुलिस को भ्रमित करते हुए उन्होंने यह भी बताया कि, वह खुद पहले इस जाल में फंसे और ठगे गए। इसके पश्चात अपना पैसा निकालने के लिए उन्होंने इस तरह की योजना बनाई थी।
इसके पूर्व दो लोग फंसे
चर्चा है कि, गिरफ्तार दोनों जालसाजों के घेरे में दो लोग पहले आ चुके हैं और उनसे इन आरोपियों ने लाखों रुपए ऐंठे हैं, लेकिन मामला पुलिस तक न आने से कुछ पता नहीं चल पाया, लेकिन गुरुवार के डील की भनक पुलिस को लगने से इस गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 41(ड) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   8 April 2022 10:17 PM IST