- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उद्धव ठाकरे ने पूछा - भाजपा को तब...
उद्धव ठाकरे ने पूछा - भाजपा को तब क्यों याद नहीं आई राजनीतिक संस्कृति

डिजिटल डेस्क, मुंबई. पूर्व मुख्यमंत्री तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष प्रमुख उद्धव ने अंधेरी पूर्व सीट के उपचुनाव न लड़ने वाली भाजपा पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उद्धव ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक संस्कार और संस्कृति के बहाने उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है लेकिन भाजपा की यह संस्कार और संस्कृति राज्य में हुए विधानसभा की पंढरपुर, देगलूर और कोल्हापुर उत्तर सीट के उपचुनाव के समय क्यों नजर नहीं आई? भाजपा को अभी ही क्यों संस्कार और संस्कृति की याद आई ? गुरुवार को उद्धव की मौजूदगी में ठाणे मनपा के पूर्व नगरसेवक संजय घाडीगावकर ने शिवसेना में प्रवेश किया। इस मौके पर दादर के शिवसेना भवन में उद्धव ने कहा कि मुझे राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश की जा रही है लेकिन मैं डरने वालों में से नहीं हूं। मैं डटकर लड़ाई लड़ूंगा। उद्धव ने कहा कि उपचुनाव के लिए जल्दबाजी में केंद्रीय चुनाव आयोग ने पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह को जब्त कर लिया। इसके बाद शिंदे गुट को उपचुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं थी। इसलिए शिंदे गुट ने अंधेरी पूर्व की सीट भाजपा की जेब में डाल दी। उद्धव ने कहा कि शिवसेना को खत्म करने की कोशिश करने वालों को यह मालूम नहीं है कि जब-जब शिवसेना पर अघात हुआ है तब-तब शिवसेना दस गुना नहीं बल्कि सौ गुना बढ़ी हुई है। इस बीच उद्धव ने आरोप लगाया कि शिंदे-फडणवीस सरकार की ओर से स्थानीय निकायों के चुनावों को टालने की कोशिश की जा रही है। उद्धव ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि ठाणे के पदाधिकारियों को जानबुझकर मुझ से मिलने से रोका जाता था। लेकिन अब अच्छा हुआ है कि ठाणे और मातोश्री के बीच की दीवार टूट गई है।
Created On :   20 Oct 2022 10:00 PM IST