बेकाबू कोरोना: छह की मौत, 37 नए कोरोना संक्रमित मिले

Uncontrollable corona: six killed, 37 new corona infected
बेकाबू कोरोना: छह की मौत, 37 नए कोरोना संक्रमित मिले
बेकाबू कोरोना: छह की मौत, 37 नए कोरोना संक्रमित मिले


डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिला अस्पताल के कोविड यूनिट में भर्ती मरीजों में से छह की शनिवार को मौत हो गई। वहीं बेकाबू हो रहे कोरोना की जद में आए 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें शहर के 15 संक्रमित शामिल है। शहर के संक्रमितों में दो न्यायाधीश और एक जिला जेल का स्टाफ शामिल है। शनिवार को मिले पॉजिटिव मिलाकर अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 713 पर पहुंच गई है। वहीं पांच संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को सिवनी के तीन और जिले के तीन मरीजों की मौत हुई है। इनमें चांदामेटा निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग, कुकड़ाजगत निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग और पांढुर्ना के बड़चिचोली निवासी 49 वर्षीय शख्स शामिल है। वहीं सिवनी निवासी 57 वर्षीय एक महिला, 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला के अलावा 52 वर्षीय शख्स की मौत हो गई। हालांकि इनमें से कुकड़ाजगत और सिवनी की 57 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव है। इसके अलावा चार मृतक कोरोना संदिग्ध थे। प्रोटोकॉल के तहत सभी मृतकों का अंतिम संस्कार निगम की टीम ने किया है।
पांढुर्ना में नौ पॉजिटिव मिले-
शनिवार को पांढुर्ना क्षेत्र के नौ लोग पॉजिटिव निकले। इन सात कोरोना संक्रमितों में चार महिलाएं शामिल है। शनिवार को पॉजिटिव आए चार लोग भवानी वार्ड के संक्रमित व्यक्ति के कांटेक्ट हिस्ट्री में शामिल है। जिसमें एक 30 वर्षीय युवक, 12 वर्षीय बालक और 65 व 38 वर्षीय दो महिलाएं शामिल है। यह सभी कोविड अस्पताल में क्वारेंटाइन है। इनके अलावा पारडी के संक्रमित रिटायर्ड वनकर्मी के कांटेक्ट हिस्ट्री से एक 32 वर्षीय पुरूष और 45 वर्षीय महिला शामिल है। वहीं एक संक्रमित अस्पताल स्टाफ  से है।
शहर के 15 कोरोना संक्रमित मिले-
शनिवार को जिले में 37 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से 15 शहर के है। अधिकारियों के मुताबिक दो न्यायाधीश, जिला जेल का एक प्रहरी, शिवनगर कॉलोनी से एक स्टाफ नर्स, परतला, गांधीगंज, गोलगंज से एक-एक कोरोना संक्रमित मिले है। इसके अलावा परासिया रोड स्थित एक अस्पताल के संचालक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं सत्यमशिवम कॉलोनी के एक युवक की रिपोर्ट नागपुर में पॉजिटिव बताई जा रही है।
सौंसर के पूर्व विधायक और परासिया के पूर्व विधायक पॉजिटिव-
सौंसर के पूर्व विधायक ने नागपुर में कोरोना जांच कराई थी। शनिवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं परासिया के पूर्व विधायक भी कोरोना पॉजिटिव आए है। इसके अलावा सौंसर के पूर्व विधायक के बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। प्रशासन इन सभी की कांटेक्ट हिस्ट्री तैयार कर रही है।
आज के पॉजिटिव की स्थिति-
क्षेत्र संक्रमित
छिंदवाड़ा 15
पांढुर्ना 09
जुन्नारदेव 06
परासिया 03
बिछुआ 03
हर्रई 01

Created On :   12 Sep 2020 6:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story