- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- चोरों के निशाने पर है UP के...
चोरों के निशाने पर है UP के राज्यपाल का मुंबई कार्यालय, पकड़ा गया चोर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक का मुंबई स्थित ऑफिस चोरों के निशाने पर है। उनके ऑफिस में दूसरी बार चोरी की कोशिश की गई। हालांकि आसपास के लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे तीन चोरों में से एक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना गुरूवार देर रात गोरेगांव ईस्ट के जयप्रकाश नगर इलाके में हुई जहां राम नाईक का संपर्क कार्यालय है। चोर रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब कार्यालय का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। तभी एक पड़ोसी आवाज से सावधान हो गया। उसने दूसरे लोगों को भी फोन कर सतर्क किया। लोगों ने तीन सशस्त्र लुटेरों को घेर लिया। लेकिन हाथापाई के बाद दो लुटेरे भागने में कामयाब हो गए। जबकि एक को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम गोरा सिंह राजपूत (35) है।
चोरी की कोशिश के आरोप में एफआईआर दर्ज
वनराई पुलिस स्टेशन की सीनियर इंस्पेक्टर ज्योत्सना रसम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी की कोशिश के आरोप में एफआईआर दर्ज किया गया है। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। इस बीच राज्यपाल राम नाईक ने बयान जारी कर चोर को पकड़ने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया है। साथ ही इस बात पर चिंता जताई है कि उनका घर और दफ्तर लगातार चोरों के निशाने पर हैं।
तब रेडियो के अलावा हाथ नहीं आया था कोई सामान
उन्होंने कहा है कि 90 के दशक में दिल्ली में निवास स्थान में उनके घर में चोरी हुई थी। एक रेडियों के अलावा हाथ कुछ और न लगने से नाराज चोरों ने सारे कागजात अस्तव्यस्त कर दिए थे। इसके बाद मुंबई के संपर्क कार्यालय में 2002 में चोरी हुई थी तब वे केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री थे। इस लिए पूरा परिवार दिल्ली में था। उस दौरान भी एक कैमरे और कुछ स्मृति चिन्हों को छोड़कर चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा था।
Created On :   30 March 2018 7:42 PM IST