- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- भाजपा विधायक पडलकर ने उपसभापति से...
भाजपा विधायक पडलकर ने उपसभापति से मांगी माफी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद में भाजपा सदस्य गोपीचंद पडलकर की ओर से उपसभापति नीलम गोर्हे के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी के कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करने पड़ी। जिसके बाद पडलकर ने उपसभापति से अपनी टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया। पडलकर ने कहा कि मैंने अनजाने में टिप्पणी की थी। मेरा उद्देश्य किसी को आहत करने का नहीं था। मैंने केवल यह कहा था कि अपराधी ठहराने का अधिकार अदालत को है। उपसभापति ने कहा कि अपमानजनक टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा लिया गया है।
बुधवार को सदन की विशेष बैठक में विपक्ष के प्रस्ताव कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए पडलकर ने प्रदेश के गृह राज्य मंत्री शभुंराज देसाई का संदर्भ देते हुए कुछ टिप्पणी की। जिस पर देसाई ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पडलकर को प्रस्ताव के मुद्दे पर बोलना चाहिए। जिसके बाद पडलकर ने देसाई और सत्तारूढ़ सदस्य की ओर इशारा करते हुए कुछ विवादित टिप्पणी की है। इसी दौरान उन्होंने उपसभापति के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है। जिसको लेकर सत्तारूढ़ सदस्य आक्रामक हो गए। राज्य मंत्री देसाई ने कहा कि पडलकर ने सभापति के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्हें अपने बयान को वापस लेकर माफी मांगनी चाहिए। पडलकर को लेकर सत्तारूढ़ और विपक्ष के सदस्य आमने-सामने आ गए। जिसके बाद सदन की कार्यवाही पहले 10 मिनट और फिर 7 मिनट के लिए स्थगित हुई।
बाद में कामकाज शुरू होने के बाद सदन में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि पडलकर की टिप्पणी के बाद राकांपा सदस्य सतीश चव्हाण ने भी कुछ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है। चव्हाण को भी माफी मांगनी चाहिए। इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री अनिल परब ने कहा कि पडलकर को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग लेनी चाहिए। जिससे कि सदन का कामकाज सुचारू रूप से चल सके। इसके बाद पडलकर ने उपसभापति से खेद प्रकट किया।
Created On :   9 March 2022 8:26 PM IST