वंचित आघाडी ने दिया 40 सीटों का प्रस्ताव, कांग्रेस ने कहा - अच्छा मजाक है

Vanchit aghadi proposed 40 seats, Congress said - its a joke
वंचित आघाडी ने दिया 40 सीटों का प्रस्ताव, कांग्रेस ने कहा - अच्छा मजाक है
वंचित आघाडी ने दिया 40 सीटों का प्रस्ताव, कांग्रेस ने कहा - अच्छा मजाक है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा चुनाव के लिए प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाले वंचित बहुजन आघाडी को कांग्रेस-राकांपा में शामिल करने का प्रयास कर रही कांग्रेस को आंबेडर सिर्फ 40 सीटे देना चाहते हैं। बुधवार को दादर स्थित आंबेडकर भवन में वंचित आघाडी के महासचिव गोपिचंद पडलकर ने कांग्रेस को 40 सीटें देने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए कांग्रेस को 10 दिनों का समय दिया जा रहा है। यदि कांग्रेस ने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया तो वंचित आघाडी राज्य की सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पडलकर ने कहा कि 40 सीटें देने का प्रस्ताव केवल कांग्रेस के लिए है। यदि राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से गठबंधन के लिए प्रस्ताव आता है तो उस पर वंचित आघाडी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर अलग से फैसला करेंगे।

पडलकर ने कहा कि गठबंधन को लेकर अब कांग्रेस नहीं बल्कि वंचित आघाडी चर्चा करेगी। साल 2014 के मुकाबले अब राजनीतिक स्थिति काफी बदल गई है। कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ जांच शुरू है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता प्रफुल्ल पटेल का नाम भी शामिल है। इसका इस्तेमाल भाजपा बखूबी कर रही है। पडलकर ने कहा कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस के अलावा भाजपा और शिवसेना के कई विधायक वंचित आघाडी के संपर्क में हैं। उन्न्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं आया है। कांग्रेस केवल मीडिया के जरिए चर्चा करके जनता में भ्रम फैलाना चाहती है। इसलिए अब हमने कांग्रेस को औपचारिक प्रस्ताव दिया है। 

हाल के लोकसभा चुनाव में वंचित आघाडी को 41 लाख से अधिक वोट मिले थे। वंचित आघाडी ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस को लोकसभा की लगभग 10 सीटों पर नुकसान पहुंचाया था। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में राज्य की 288 सीटों में से कांग्रेस को 42 और राष्ट्रवादी कांग्रेस को 41 सीटें मिली थीं। वंचित आघाडी से इस रवैए से समझा जा रहा है कि वह कांग्रेस-राकांपा गठबंधन में शामिल नहीं होगी।

वंचित आघाडी का प्रस्ताव मजाकः कांग्रेस    

विधानसभा चुनाव के लिए वंचित बहुजन आघाडी द्वारा कांग्रेस पार्टी को सिर्फ 40 सीट देने के प्रस्ताव को प्रदेश कांग्रेस ने मजाक जैसा बताया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि देश व राज्य में सामिजक एकता को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। ऐसी परिस्थिति में सभी प्रगतिशील विचारधारा वाले धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट होने की जरूरत है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान और डा बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सतत प्रयासरत है। इसके लिए अन्य़ दलों को भी विचार करना चाहिए। गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वंचित बहुजन आघाडी ने गठबंधन के लिए कांग्रेस को 40 सीटे देने का प्रस्ताव रखा है।    
 

Created On :   3 July 2019 8:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story