बेमौसम बारिश से विदर्भ का तापमान गिरा, विंड चील्ड फैक्टर ने ठुठराया

Vidarbhas temperature drops due to nonseasonal rains
बेमौसम बारिश से विदर्भ का तापमान गिरा, विंड चील्ड फैक्टर ने ठुठराया
बेमौसम बारिश से विदर्भ का तापमान गिरा, विंड चील्ड फैक्टर ने ठुठराया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। "फेथाई" तूफान ने विदर्भ में जहां रात के तापमान को सीधे 5 डिग्री ऊपर तक उछाल दिया है, वहीं विंड चील्ड फैक्टर ने विदर्भवासियों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों को आश्चर्य है कि पारा इतना ऊपर होने के बाद भी ठंड है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रविवार की अपेक्षा विदर्भ के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान ने 2 से 5 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है। उपराजधानी में रात के पारे में सबसे अधिक 5.1 डिग्री सेल्सिस का उछाल रिकार्ड किया गया। आश्चर्य यह कि तापमान में इतने उछाल के बाद भी ठंड घट नहीं रही है। मौसम जानकारों के अनुसार यह विंड चील्ड फैक्टर का असर है। यही कारण है कि दिनभर बारिश की रिमझिम झड़ी लगी रही।

फेथाई के असर ने भिगोया भी, अब कोहरे का रहेगा असर
जैसी आशंका थी कि "फेथाई" बंगाल की खाड़ी में बनकर आंध्र तट से जमीन में प्रवेश करेगा। हुआ ऐसा ही, लेकिन इसके तय जगह से कुछ ऊपर से जमीन में प्रवेश करने के कारण नागपुर सहित पूर्व विदर्भ में भारी वर्षा की चेतावनी कुछ शिथिल पड़ी। हालांकि उपराजधानी में 16 व 17 दिसंबर की दरमियानी रात से ही हल्की वर्षा होना शुरू हुई। सोमवार को भी रुक-रुक बूंदाबांदी बनी रही। हालांकि छत्तीसगढ़ से सटे पूर्व विदर्भ के जिले गड़चिरोली, चंद्रपुर, गोंदिया आदि में तेज बौछारें भिगोती रही। अनुमान है कि मंगलवार शाम तक बादलों का जमावड़ा छंटने लगेगा। 

मौसम जानकारों के अनुसार बादलों के छाए रहने से हिमालय से आ रही ठंडी हवाएं नीचे नहीं आ पा रही है। तूफान का असर घटते ही बादल छटेंगे। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हिमालय की वादियों में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सिर नहीं उठा रहा है। इसके इस सप्ताह बनने के भी आसार नहीं दिख रहे हैं। हवा ने भी गति पकड़ी है।अगले 2 से 3 दिन में इसमें 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। 

विदर्भ के कई जिलों में सोमवार सुबह अचानक हुई वर्षा से तापमान में तेजी आई। सोमवार सुबह अचानक चंद्रपुर, गोंदिया, भंडारा, वर्धा, यवतमाल में कुछ देर तक जमकर बारिश हुई। इसके बाद दिन भर रुक रुक कर बारिश होती रही। इस बेमौसम बारिश से कपास, तुअर तथा सब्जी की फसल पर बुरा असर पड़ने की खबर है। वर्धा में सोमवार शाम हुई हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं ठंड के मारे वर्धावासियों के बुरे हाल रहे। चंद्रपुर जिले में सोमवार सुबह से हल्की बारिश होती रही। यहां दोपहर होते होते बारिश तेज हो गई। गड़चिरोली में भी बेमौसम बारिश के कारण कपास की फसल चौपट होने की खबर है। गोंदिया जिले में हुई बारिश से तुअर, चना, अलसी, व सब्जियों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई गई है। भंडारा जिले में भी सोमवार को दिन भर हल्की बारिश होती रही। 

पुणे में इस मौसम का सब से कम रहा तापमान 
सोमवार को पुणे में इस मौसम का अब तक का सब से न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सुबह 8.3 डिग्री सेल्सियस तापमान था। दक्षिणी हिस्से में चक्री तूफान होने के कारण राज्य का तापमान बढ़ने का अनुमान मौसम विभाग द्वारा जताया गया था। रविवार सुबह पुणे में 12.5  तापमान दर्ज किया गया था, लेकिन एक ही रात में तापमान 4.2 से कम होकर सोमवार सुबह नीचे आ गया।  

अन्य शहरों का तापमान
दूसरी ओर नाशिक में 8.5, अहमदनगर 8.7, जलगांव 8.4, मंुबई 19, बुलढाणा 11.6, मालेगावं 10, गोंदिया 11.5, सातारा 11.4, सांगली 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 
 
 

Created On :   17 Dec 2018 4:52 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story