मुंबई: राज्यपाल कोश्यारी बोले- जब दुनिया हिंदी बोल रही है, तो हम क्यों शरमाए ?

Why do you shy to speak in Hindi? - Maharashtras Governor
मुंबई: राज्यपाल कोश्यारी बोले- जब दुनिया हिंदी बोल रही है, तो हम क्यों शरमाए ?
मुंबई: राज्यपाल कोश्यारी बोले- जब दुनिया हिंदी बोल रही है, तो हम क्यों शरमाए ?

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुनियाभर में शुक्रवार यानी 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया गया। इसी बीच महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज सारी दुनिया हिंदी जानती-समझती है, और जब दुनिया हिंदी बोल रही है, तो हम क्यों बोलने में शरमाए ? उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास में गैर हिंदीभाषियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसे राजभाषा बनाने के लिए देश के संसद में अनुच्छेद 370 हटाने के लिए कोई विधेयक लाने की जरूरत नहीं है।

राज्यपाल कोश्यारी ने कहा कि हिंदी पूरे देश की सम्पर्क भाषा है। कोश्यारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी गुजराती भाषी थे पर उन्होंने हिंदी के विकास के बहुत कार्य किया। उन्होंनें कहा कि गुजरात के रहने वाले स्वामी दयानंद मथुरा में रहे और हिंदी के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि हिंदी के पत्रकारों को हिंदी बोलने में हीन भावना नहीं महसूस करनी चाहिए। गैर-हिंदी भाषियों ने भी हिंदी के विकास में अहम योगदान दिया है। राज्यपाल ने कहा कि हिंदी किसी भी व्यक्ति पर थोपी नहीं जा सकती है।

हिंदी के बड़े संपादक बने मराठीभाषी पराडकर
राज्यपाल कोश्यारी ने कहा हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत गैर हिंदी भाषी क्षेत्र कलकत्ता से हुई थी। मूल रुप से महाराष्ट्र के रहने वाले बाबूराव विष्णु पराडकर हिंदी के बड़े संपादक रहे। उन्होंने कहा कि हिंदी के पत्रकारों को हिंदी भाषा को लेकर हीनभावना नहीं पालनी चाहिए। आज भी हिंदी अखबारों के पाठक और हिंदी समाचार चैनलों के दर्शकों की संख्या बहुत ज्यादा है। कोश्यारी ने कहा कि मैंने 1964 में हिंदी से एमए किया था। किसी अंग्रेजी स्कूल-कालेज में जाता हूं और हिंदी में बात करता हूं तो वहां के छात्र बहुत खुश हो जाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि हिंदी आज नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और मॉरिशस तक पहुंच गई। इसमें सबसे बड़ा योगदान हिंदी फिल्मों का है।

पत्रकारों को सलाह
इस दौरान राज्यपाल कोश्यारी ने बताया कि पाकिस्तान सहित कई देश आज हिंदी बोल रहे हैं, लेकिन हमें हिंदी बोलने में शर्म आ रही है। हिंदी भाषी पत्रकारों को उन्होंने सलाह दी कि हिंदी के अलावा प्रादेशिक भाषाएं भी सिखें। इससे हिंदी के विकास में और सहयोग मिलेगा। इस दौरान राज्यपाल ने वरिष्ठ पत्रकार प्रीतम सिंह त्यागी, अश्विनी मिश्र, अभिलाष अवस्थी, हरीश पाठक और हिंदी सेवी प्रवीण जैन को हिंदी सेवा सम्मान प्रदान किया। इसके पहले मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, महासचिव विजय सिंह कौशिक, सचिव अभय मिश्र, सह सचिव राजकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य हरिगोविंद विश्वकर्मा, अखिलेश तिवारी व अशोक शुक्ल ने राज्यपाल श्री कोश्यारी को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।  

हिंदी के विकास में बॉलीवुड की भूमिका खास
इस अवसर पर आयोजित परिचर्चा ‘बॉलीवुड और हिंदी’ में भाग लेते हुए ‘लगान’, ‘गंगाजल’, ‘राजनीति’, ‘स्वदेश’ जैसी फिल्मों और ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ जैसे टीवी धारावाहिक से पहचान बनाने वाले अभिनेता दयाशंकर पांडेय ने कहा कि बॉलीवुड के लोग भले ही हिंदी को सम्मान न देते हो पर इस बात में कोई दो राय नहीं कि हिंदी फिल्मों ने पूरी दुनिया को हिंदी सिखाई है। हमें दुखी होने की जरुरत नहीं है। हिंदी हर जगह फैल रही है। वरिष्ठ पत्रकार संजय प्रभाकर ने कहा कि बाजार पर हिंदी का कब्जा है। हिंदी फिल्मों की वजह से दूसरे देशों का पर्यटन बढ़ रहा है। इस लिए वहां के लोग हिंदी सिखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्मों ने हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार में सबसे बड़ी भूमिका निभाई हैं।

पत्रकार से फिल्म पटकथा लेखक बने ‘इंडियन’, ‘काबिल’, ‘क्रिस-3’, ‘जन्नत’ जैसी फिल्मों के पटकथा-संवाद लेखक संजय मासूम ने कहा कि फिलहाल तो बॉलीवुड में हिंदी की स्थति अच्छी नहीं है। अब संवाद-पटकथा रोमन में लिखी जाती है और देवनागरी की उपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन, रितिक जैसे सितारे देवनागरी लिपि में ही पटकथा-संवाद मांगते हैं। पर संतोष की बात है कि हिरो को संवाद तो हिंदी में ही बोलना पड़ता है। मुंबई विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डा करुणा शंकर उपाध्याय ने कहा कि दुनिया के कई विकसित देशों ने अपनी मातृभाषा के बल पर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाषा का संस्कृति से गहरा संबंध है। भाषा खत्म होगी तो संस्कृति भी समाप्त हो जाएगी। 

हिंदी पखवाडा की जरुरत क्यों: कृपाशंकर
पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि इस देश की भाषा के लिए हिंदी पखवाड़ा मनाना पड़ता है। मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के महासचिव विजय सिंह ‘कौशिक’ ने कहा कि हिंदी फिल्मों से लाखों-करोड़ कमाने वाले फिल्मी सितारे आखिर हिंदी को क्यों सम्मान नहीं देना चाहते। कार्यक्रम का संचालन अभय मिश्र ने किया।  

Created On :   11 Jan 2020 11:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story