पत्नी ने ही कराई थी अपने पति की हत्या, शिवसेना नेता के भिवंडी में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझी 

Wife had done the murder of her husband or Shiv Sena leader
पत्नी ने ही कराई थी अपने पति की हत्या, शिवसेना नेता के भिवंडी में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझी 
पत्नी ने ही कराई थी अपने पति की हत्या, शिवसेना नेता के भिवंडी में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भिवंडी में हुई शिवसेना नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि पति के कई महिलाओं से अनैतिक संबंध, रोजाना की मारपीट, तलाक और संपत्ति से बेदखल होने के डर से पत्नी ने ही पति की हत्या की सुपारी दे दी थी। आरोपी महिला ने एक वकील से पूछा था कि क्या हत्या के मामले में अग्रिम जमानत मिल सकती है। इसके चलते पुलिस को पहले ही उस पर शक हो गया था। शिवसेना के शाहपुर तालुका उपप्रमुख शैलेश निमसे का शुक्रवार आधी जली अवस्था में देवचोले गांव में शव मिला था। गणेशपुरी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी।

पूछताछ में निमसे की पत्नी साझी ने दावा किया था कि गुरूवार देर रात किसी का फोन आने के बाद उनके पति घर से बाहर चले गए थे। उसने राजनीतिक वजहों से हत्या की आशंका जताकर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की थी। लेकिन छानबीन में जुटी पुलिस के हाथ सीसीटीवी तस्वीरें लगी जिसके जरिए प्रमोद लुटे नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया। लुटे ने पूछताछ में जो खुलासा किया वह हैरान कर देने वाला था। लुटे ने बताया कि निमसे की हत्या के लिए उसकी पत्नी ने ही डेढ़ लाख रुपए की सुपारी दी थी। जांच में खुलासा हुआ कि वारदात की रात साझी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत घर के दरवाजे की कुंडी खुली रखी।

घर में दाखिल हुए आरोपियों ने निमसे की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव कार में रखकर देवचोले गांव ले गए और जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की। छानबीन में जुटी पुलिस को यह भी पता चला कि साक्षी ने एक वकील से हत्या के मामले में अग्रिम जमानत मिलने से जुड़ी पूछताछ की थी। 

कई महिलाओं से अनैतिक संबंध 
साक्षी ने पूछताछ में बताया कि निमसे के कई महिलाओं से अनैतिक संबंध थे, वह उससे अक्सर मारपीट करता था और जबरन तलाक के कागजात पर दस्तखत कराना चाह रहा था। साक्षी को डर था कि निमसे उसे जायदाद से भी बेदखल कर देगा। इसीलिए उसने अपनी जान पहचान के लुटे को हत्या की सुपारी दे दी। पुलिस को मामले में कुछ और आरोपियों की तलाश है।   
 

Created On :   25 April 2018 2:11 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story