Panna News: दुर्गा विसर्जन के जुलूस में घुसी तेज रफ्तार बुलेरो, दो की मौत १३ घायल

दुर्गा विसर्जन के जुलूस में घुसी तेज रफ्तार बुलेरो, दो की मौत १३ घायल

Panna News: पन्ना जिले के पवई से लगभग पांच किलोमीटर दूर खम्हरिया मोड़ पर विजयादशमी के अवसर पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार शाम करीब ०7 बजे तेज रफ्तार बुलेरो जुलूस में घुस गई जिसमें १५ श्रद्धालु घायल हो गए। घायल में दो श्रद्धालुओं पुरषोत्तम पटेल उम्र ३० वर्ष और राकेश पटेल की उम्र ३६ वर्ष दोनों निवासी ग्राम खम्हरिया थाना पवई की कटनी जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में घायल १२ श्रद्धालुओं केशव प्रसाद उम्र 61 वर्ष,

राहुल पटेल उम्र 16 वर्ष, रूपलाल उम्र 40 वर्ष, राजपाल उम्र 32, बलिराम 19 वर्ष, कौशलेंद्र सिंह 29 वर्ष, अंतु आदिवासी 45 वर्ष, सुशील पाल 15 वर्ष, पप्पू राजा 42 वर्ष, दद्दूू राजा 38 वर्ष, शिवम 10 वर्ष, पुष्पेंद्र सिंह 54 वर्ष, कौशलेंद्र 28 वर्ष सभी निवासी ग्राम खम्हरिया थाना पवई शामिल है। जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हरिया के श्रद्धालु देवी माँ की प्रतिमा को तालाब मेंं विसर्जन के लिए जा रहे थे। पवई-मोहन्द्रा मार्ग खम्हरिया मोड में पवई की ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेरो क्रमांक एमपी-५४-टी-०२९२ श्रद्धालुओं को रौदते हुए जुलूस में घुस गई। दुर्घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पवई उपचार के लिए लाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रेफर कर दिया गया जो कि उपचार के लिए जबलपुर व कटनी ले जाये गए है इस भीषण हादसे से नाराज ग्रामीणों द्वारा मृतकों तथा घायलों को मुआवजा तथा कार्यवाही की मांग को लेकर पवई-मोहन्द्रा मार्ग में आज शुक्रवार को करीब पांच घंटे तक चक्का जाम कर दिया।

विधायक, एसपी सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे

पवई के खम्हरिया में हुए हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस द्वारा लोगों की मदद से घायलों को त्वरित रूप से पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर रात में ही जिला मुख्यालय पन्ना से पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू पवई पहुंच गई और अस्पताल में घायलो के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी घायलों का शीघ्रता के साथ उपचार हो और इसके लिए आवश्यक प्रबंध करने लगे। दुखद हादसे की जानकारी मिलने पर पवई विधायक प्रहलाद लोधी सहित जनपद अध्यक्ष पवई मोहिनी आनंद मिश्रा व अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गए। घायलों के त्वरित उपचार व्यवस्था को लेकर कटनी के पुलिस अधीक्षक से बात कर कटनी में घायलों के उपचार हेतु बातचीत की गई।

वाहन चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हादसे के बाद बुलेरो वाहन चालक मौके से भाग गया था जिसका तेजी के साथ पता लगाते हुए पुलिस द्वारा उसे पकडकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेरो को भी जप्त कर लिया है। मामले की पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

चक्काजाम से पांच घंटे तक बंद रहा पवई-मोहन्द्रा मार्ग

हादसे को लेकर नाराज ग्रामीणों तथा स्थानीय क्षेत्र के लोगों की नाराजगी दूसरे दिन शुक्रवार को सामने आई। सुबह पवई-मोहन्द्रा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।। चक्काजाम लगभग पांच घंटे तक रहा जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कारी घटना की उच्चस्तरीय जांच मृतकों के परिजनों व घायलों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग पर अड़ रहे। मौके पर शाहनगर एसडीएम रामहेत चौधरी, तहसीलदार पवई त्रिलोक सिंह, एसडीओपी भावना सिंह दांगी, थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी भारी पुलिस बल के साथ पहुँचे। जिन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। करीब पांच घंटे तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला औऱ मामले को शांत करवाया गया। मृतकों के शवों का कटनी जिला चिकित्सालय में पीएम होने के बाद गृह ग्राम लाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Created On :   4 Oct 2025 3:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story