- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- नवागत कलेक्टर ऊषा परमार ने ग्रहण...
Panna News: नवागत कलेक्टर ऊषा परमार ने ग्रहण किया पदभार

Panna News: नवागत कलेक्टर ऊषा परमार ने शुक्रवार को सुबह कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पन्ना कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान कलेक्टर एवं चंबल संभागायुक्त बनाए गए सुरेश कुमार ने नवागत जिला कलेक्टर को पदभार ग्रहण कराया और कार्यभार सौंपा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, डीएफओ गर्वित गंगवार एवं अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, तहसीलदार अखिलेश प्रजापति सहित अन्य अधिकारीगण एवं जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा भी उपस्थित रहे। नवागत कलेक्टर श्रीमती परमार का अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया एवं कलेक्टर पद पर पहली पदस्थापना पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं।
उल्लेखनीय है कि गत 30 सितम्बर को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के 24 अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे। आदेश अनुसार अपर आयुक्त भोपाल संभाग के पद पर पदस्थ रहीं एवं वर्ष 2011 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती परमार को पन्ना कलेक्टर बनाया गया है जबकि जिला कलेक्टर पद पर पदस्थ रहे वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी सुरेश कुमार को पदोन्नत कर विशेष कत्र्तव्यस्थ अधिकारी सह कमिश्नर चंबल संभाग मुरैना के पद पर पदस्थापना की गई थी। पदभार ग्रहण के दौरान नवागत कलेक्टर ने अधिकारियों से संक्षिप्त चर्चा की और आगामी कार्ययोजना के बारे में भी अवगत कराया।
Created On :   4 Oct 2025 3:40 PM IST