Panna News: रैपुरा में बच्चों का टीकाकरण दो माह से ठप, अभिभावकों में चिंता

रैपुरा में बच्चों का टीकाकरण दो माह से ठप, अभिभावकों में चिंता
कस्बे में बच्चों का टीकाकरण लगभग दो माह से भी अधिक समय से बंद पड़ा है जिससे क्षेत्र के छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। जानकारी के अनुसार पिछले लगभग चार माह से टीकाकरण व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी चल रही है।

Panna News: कस्बे में बच्चों का टीकाकरण लगभग दो माह से भी अधिक समय से बंद पड़ा है जिससे क्षेत्र के छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। जानकारी के अनुसार पिछले लगभग चार माह से टीकाकरण व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी चल रही है। कभी वैक्सीन उपलब्ध नहीं रहती तो कभी स्वास्थ्य अमला समय पर नहीं पहुंचता। जिसके कारण नियमित टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है। कस्बे एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रोंं के अभिभावकों ने बताया कि छोटे बच्चों को लगने वाले आवश्यक टीके समय पर नहीं लग पा रहे हैं। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर कई बार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे लेकिन उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि वैक्सीन उपलब्ध नहीं है या टीकाकरण टीम नहीं आई है।

स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही के कारण नवजात एवं छोटे बच्चों को लगने वाले महत्वपूर्ण टीके जैसे बीसीजी, पोलियो, पेंटावैलेंट सहित अन्य टीके समय पर नहीं लग पा रहे हैं जिससे बच्चों में बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टीकाकरण व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो आने वाले समय में बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द टीकाकरण व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है ताकि बच्चों को समय पर टीके लग सकें और उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और टीकाकरण व्यवस्था पटरी पर कब लौटती है।

इनका कहना है

वहां एएनएम की पोस्टिंग के लिए आज आर्डर रिलीज करता हूं।

डॉ. आर.पी. तिवारी, सीएमएचओ पन्ना

Created On :   26 March 2026 1:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story