- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- राम वन गमन पथ पर जगमगायेंगे दीप,...
Panna News: राम वन गमन पथ पर जगमगायेंगे दीप, पन्ना के धरम सागर में दस हजार दीपकों से होगा उजियारा

Panna News: धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाई देने के लिए इस बार मध्य प्रदेश के राम वन गमन पथ में शामिल जिलों पर दीपावली पूर्व और देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्सव होगा। संस्कृति विभाग ने धनतेरस 18 अक्टूबर अथवा देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) ०5 नवंबर पर चित्रकूट से अनूपपुर तक पवित्र स्थलों को दीपों की ज्योति से आलोकित करने का कार्यक्रम बनाया है। घाटों, नदियों और सरोवरों के किनारे पुष्प सज्जा, दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रामायण कालीन भावभूमि जीवंत होगी। पन्ना जिले में कार्तिक पूर्णिमा ०5 नवंबर को नगर के प्राचीन धरम सागर तालाब पर 10 हजार दीपों का अद्वितीय दीपोत्सव होगा। जिला प्रशासन ने तैयारियों की रूपरेखा तैयार करते हुए व्यवस्थाओं की जिम्मेदार सौंप दी है। दीपों की झिलमिलाहट, रंगीन पुष्प सज्जा और रामायण प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रदर्शन श्रद्धालुओं को भक्ति-आस्था के अद्भुत वातावरण में ले जाएंगे। पन्ना का धरम सागर तालाब इस बार आस्था और संस्कृति की जगमगाहट से रोशन होगा जहां 10 हजार दीपों का प्रकाश रामायण की स्मृतियों को फिर से जीवंत करेगा।
यह भी पढ़े -वाहन-4 पोर्टल से नागरिकों को मिल रही परिवहन विभाग की डिजिटल सुविधाएं, 31 सेवाएं लोक सेवा गारंटी में शामिल
राम वन गमन पथ में शामिल हैं प्रदेश के ११ जिले
राम वन गमन मार्ग में मध्य प्रदेश के 11 जिले चित्रकूट धाम सतना, पन्ना, मैहर, कटनी, जबलपुर, बालाघाट, मंडला, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर व होशंगाबाद को भगवान श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े पड़ावों के रूप में संरक्षित किया गया है। पन्ना के चार प्रमुख धार्मिक स्थल राम वन गमन में चिन्हित किये गये हैं। जिसमें सिद्धनाथ मंदिर अगस्य मुनि आश्रम सलेहा जहां भगवान राम की अगस्त ऋषि से भेंट हुई। वृहस्पति कुंड पहाड़ीखेरा देवगुरु बृहस्पति का यज्ञस्थल, वनवास में भगवान राम का आगमन। सुतीक्षण आश्रम सारंग गांव मां सीता, श्रीराम व लक्ष्मण का प्रवास स्थल। अग्निजिव्हा ऋषि आश्रम बड़ागांव ऋषि अग्निजिव्हा से भगवान श्रीराम की भेंट का स्थान।
Created On :   15 Oct 2025 12:04 PM IST