- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- गोवर्धन पूजा पर भगवान श्री जुगल...
Panna News: गोवर्धन पूजा पर भगवान श्री जुगल किशोर सरकार के हुए विशेष दर्शन, भगवान को परोसे गए छप्पन व्यंजन

Panna News: बुंदेलखण्ड के पन्ना में श्री जुगल किशोर सरकार के रूप में राधारानी के साथ विराजमान कृष्ण कन्हैया हजारों लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। भगवान जुगल किशोर सरकार की दुर्लभ अद्वितीय विग्रह के दर्शन से श्रद्धालु आत्म सुख एवं प्रसन्नता की अनुभूति करते है। श्री जुगल किशोर सरकार के मंदिर में दीपावली की पूजा के साथ ही उत्सव की धूम मची हुई है। दीपावली की रात्रि से बुंदेलखण्ड के कोने-कोने से दिवारी के साथ ग्वाल भगवान जुगल किशोर सरकार के दर्शन करके बारह वर्ष की साधना के दिवारी नृत्य को सरकार की आराधना में प्रस्तुत कर धन्य महसूस कर रहे हंै। दीपावली के बाद आज भगवान श्री जुगल किशोर जी मंदिर में गोवर्धन पूजा अन्नकूट के दर्शन को लेकर दूर-दूर से श्रद्धालु पन्ना पहुंचे। गौ-चरण झांकी के साथ गोवर्धन पर्वत धारण किए हुए छप्पन व्यंजनों के प्रसाद के साथ अन्नकूट के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में श्रृद्धा और उत्साह रहा।
गाय चराने जा रहे भगवान की गौ-चरण झांकी के सुबह हुए दर्शन
प्रतिदिन की तरह सुबह ५:३० बजे श्री जुगल किशोर जी मंदिर में भगवान जुगल किशोर सरकार की आरती दर्शन के साथ गोवर्धन पूजा पर्व की शुरूआत हुई। भगवान के दर्शन के लिए सुबह ७ बजे भगवान के दर्शन के लिए कपाट खुले तो जुगल किशोर सरकार के गौचरण की झांकी के साथ दर्शन हुए। गोकुल में श्रीकृष्ण गाय चराने के लिए जाते थे उसी मान्यता के स्वरूप में सुबह ७ बजे से ७:१५ बजे तक गाय को वन में चराने के लिए ले जा रहे सरकार की अद्वितीय मनमोहक झांकी के दर्शन हुए। वर्ष में गौचरण झांकी के गोवर्धन पूजा के दिन ही दर्शन होते है जिसको लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह दिखाई दिया।
अन्नकूट दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
गोवर्धन पूजा पर्व पर भगवान श्री जुगल किशोर सरकार के अन्नकूट दर्शन का विशेष महत्व है जो कि यहां गोवर्धन पर्वत को बांये हांथ की कनिष्ठा में उठाये हुए साथ ही सरकार के सामने छप्पन व्यंजनों को परोसे गए भोग थाल के साथ होते है। वर्ष में आज के दिन एक बार होने वाले श्री जुगल किशोर सरकार के दर्शन विशेष तैयारियां की गई है मंदिर में भगवान के छप्पन भोग के थाल में दाल, चावल, कढ़ी, बरा, खीर, मीठे चावल, कलौंजी सहित पक्के-कच्चे अन्य पकवान शीताफल, चना की भाजी, बेर मकुईयां के साथ ही भगवान के प्रसाद का थाल तैयार किया गया और भगवान के दर्शन की गोवर्धन पर्वत धारण किए हुए झांकी बनाई गई और शाम को ५:३० बजे मंदिर में कपाट खुलने के साथ ही सरकार की गोकुलवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किए हुए झांकी के दर्शन हुए। मंदिर परिसर भगवान के जय-जयकारो से गूंज उठा। अन्नकूट पूजा के लिए तैयार किया गया छप्पन भोग प्रसाद भगवान को अर्पित था। शाम ०५:३० बजे से ६:०० बजे तक भगावन के विशेष दर्शन झांकियो के लिए श्रद्धालुओ का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान की नयनाभिराम झांकी के दर्शन को लेकर श्रद्धालु अपलक निहारते रहे।
Created On :   23 Oct 2025 2:49 PM IST