- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- चार दशकों से गूँज रही रामचरितमानस...
Panna News: चार दशकों से गूँज रही रामचरितमानस की चौपाइयाँ, राधारानी रामायण मंडली की अविस्मरणीय यात्रा

- चार दशकों से गूँज रही रामचरितमानस की चौपाइयाँ
- राधारानी रामायण मंडली की अविस्मरणीय यात्रा
Panna News: सावन के पवित्र माह में पूरे एक महीने तक रामचरितमानस का पाठ करना और वह भी चार दशकों से अधिक समय तक लगातार यह कोई साधारण बात नहीं। पन्ना शहर के राधा रानी रामायण मंडली ने इसे एक अद्भुत परंपरा बना दिया है जो न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि महिला सशक्तिकरण और सद्भाव की भी मिसाल पेश करती है। इस वर्ष भी सावन के अंतिम दिन मंडली द्वारा विधिवत हवन-पूजन के साथ इस एक माह के पावन पाठ का समापन होगा। जिसके उपरांत श्रद्धापूर्वक प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस अनूठी पहल की नींव शहर के कटरा मोहल्ला, गल्लाकोठी निवासी श्रीमती श्यामलता सिंह काकी साहब ने रखी थी। उन्होंने महिलाओं की एक छोटी मंडली बनाकर रामचरितमानस के पाठ की शुरुआत की जिसका उद्देश्य धार्मिक चेतना को बढ़ाना और महिलाओं को एक साथ आकर आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना था। उनकी दूरदृष्टि और अथक प्रयासों ने इस मंडली को एक मजबूत पहचान दी। आज भले ही वृद्धावस्था के कारण काकी साहब स्वयं सक्रिय रूप से भाग न ले पा रही हों लेकिन उनकी पुत्री श्रीमती नीलम सिंह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।
नीलम जी के नेतृत्व में मंडली की यह परंपरा निरंतर फलफूल रही है। राधा रानी रामायण मंडली में शहर की सैकड़ों महिलाएं शामिल हैं जो इस धार्मिक गतिविधि को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह महिलाएं न केवल नियमित रूप से पाठ में शामिल होती हैं बल्कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग भी प्रदान करती हैं। यह मंडली महिला एकता, भक्ति और सेवाभाव का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करती है। इन महिलाओं के प्रयासों से हर साल सावन का महीना धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहता है। शुरुआत में राधा रानी रामायण मंडली जगदीश स्वामी बड़ा दिवाला पन्ना में सावन के महीने में रामचरितमानस का पाठ करती थी लेकिन पिछले करीब 10 वर्षों से अधिक समय से यह पावन आयोजन किशोरगंज मोहल्ले में स्थित एकमात्र बड़े गणेश जी मंदिर में किया जा रहा है। बड़े गणेश जी मंदिर का शांत और आध्यात्मिक वातावरण इस आयोजन के लिए एक आदर्श स्थान प्रदान करता है जहाँ महिलाएं एकाग्रचित्त होकर प्रभु श्रीराम के चरित्र का गुणगान करती हैं। यह मंडली केवल एक धार्मिक समूह नहीं है बल्कि यह एक ऐसा मंच है जहाँ महिलाएं एक साथ आती हैं। एक-दूसरे का समर्थन करती हैं और अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ी रहती हैं। चार दशकोंं से चली आ रही यह परंपरा पन्ना शहर की एक अमूल्य धरोहर है जो आने वाली पीढियों को भी भक्ति, सेवा और समाज में सद्भाव की प्रेरणा देती रहेगी।
Created On :   21 July 2025 10:26 AM IST