Panna News: पन्ना शहर गूंजा जयश्रीराम के नारों से, निकली भव्य शोभायात्रा, श्रीराम जानकी मंदिर में मनाया गया भगवान श्रीरामचंद्र जी का जन्मोत्सव

पन्ना शहर गूंजा जयश्रीराम के नारों से, निकली भव्य शोभायात्रा, श्रीराम जानकी मंदिर में मनाया गया भगवान श्रीरामचंद्र जी का जन्मोत्सव
मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का पर्व श्रीरामनवमीं जिले भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों की नगरी पन्ना स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन प्रसिद्ध श्रीरामजानकी मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव कार्यक्रम राजाशाही समय से चल आ रही परंपरा के अनुसार धूमधाम के साथ मनाया गया।

Panna News: मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का पर्व श्रीरामनवमीं जिले भर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों की नगरी पन्ना स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन प्रसिद्ध श्रीरामजानकी मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव कार्यक्रम राजाशाही समय से चल आ रही परंपरा के अनुसार धूमधाम के साथ मनाया गया। परंपरा और मान्यताओं के अनुसार तिथि रामनवमी के अवसर पर श्रीरामजानकी मंदिर में दोपहर ठीक १२ बजे जब घंटे मिनट और सेकेड की सुईयां १२ पर पहुंची वेदमंत्र गूंजने लगे। गर्भगृह में भगवान का अवतरण हुआ और भगवान के जन्म दर्शन की झांकी के लिए कपाट खुले भगवान के जन्म के साथ ही आरती के दर्शन हुए। मंदिर परिसर में भगवान श्री रामचंद्र जी के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर के बाहर परम्परागत तरीके से सिप्पों की सलामी एवं आतिशबाजी के साथ बैण्डों की सुमधुर धुनों के साथ रामलला के जन्म की बधाई के स्वर गूंज उठे। भगवान के जन्म की आरती और नयनाभिराम के दर्शन पाकर श्रद्धालुगण आत्मविभोर हो उठे। मंदिर के अंदर श्रद्धालुओं द्वारा दशरथ नंदन कौशिल्या पुत्र की जय-जयकारों के उद्घोष लम्बी अवधि तक गूंजते रहे। पन्ना राजपरिवार के सदस्य महाराजा छत्रशाल द्वितीय द्वारा चंवर डुलाकर भगवान के सामने शीश झुका कर आर्शीवाद मांगा। इस दौरान कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, संयुक्त कलेक्टर कुशल सिंह गौतम भी उपस्थित रहे। जन्म के साथ ही श्रद्धालुओं का लगातार भगवान के दर्शन पाने के लिए तांता लगा रहा।

इसके साथ ही साथ मंदिर में माताओं-बहिनों भक्तजनों द्वारा भगवान श्री रामचंद्र जी के जन्म गीत गाते हुए माता कौशिल्या एवं दशरथ को बधाई दी गयी और भगवान के जन्मोत्सव के इस पर्व पर वाद्य यंत्रों को बजाते हुए बधाई गीत गाते हुए घण्टों नचाती रहीं। भगवान के जन्मोत्सव कार्यक्रम में हजारों की संख्या श्रृद्धालुओं का सैलाब उमड पडा जिसमें नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बडी संख्या में श्रृद्धालुगण शामिल रहे। भगवान के जन्मोत्सव के साथ ही हजारों की संख्या में पहुंचे श्रृद्धालुओं को मंदिर समिति की प्रबंधकों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। रामनवमी के अवसर पर भी स्थानीय गणेश मार्केट स्थित अवध बिहारी जू के मंदिर में श्रीराम जन्मोत्सव सुबह ११ बजे मनाया गया। मंदिर के पुजारी अरूण गंगले द्वारा पूजा अर्चना करते हुऐ विधि-विधान से भगवान का जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न करवाया गया। भगवान के जन्म पर मंदिर के बाहर बैंड-बाजो के साथ जमकर आतिशबाजी की गई। भगवान के जन्मोत्सव के दर्शन के लिये बड़ी संख्या में श्रृद्धालु पहुंचे। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की आरती के बाद दर्शन के लिए लंबे समय तक भक्तों की भीड लगी रही और हजारों की संख्या में भक्तजनों ने भगवान के दर्शन किए। भगवान के जन्मोत्सव को लेकर महिलाओं में अपार उत्साह देखा गया। मंदिर पहुंची महिलाओं द्वारा समूह में बैठकर रामलला के जन्मोत्सव के बुंदेली गीत का गायन कर अपनी प्रसन्नता जताई गई साथ ही साथ गीतों के बीच महिलाओं द्वारा नृत्य कर अपनी खुशी व्यक्त की गई।

निकली शोभायात्रा, हजारों की संख्या में लोग हुए शामिल

अपरान्ह ६ बजे से नगर में घोषित कार्यक्रम के अनुसार विशाल शोभायात्रा की शुरूआत स्थानीय चिटाकुंआ इन्द्रपुरी कॉलोनी से हुई। जहां पर पूजन अर्चन कार्यक्रम के साथ ही भगवान की शोभायात्रा की आरती उतारी गयी और इस आयोजन में शामिल हजारों की संख्या में नर-नारी अपने हृदय में श्री रामचंद्र जी को आत्मसात करते हुए चल पड़े। भगवान श्री राम जन्मोत्सव समिति के मार्गदर्शन में नगर के उत्साही युवक तथा श्रद्धालुगणों जिनके द्वारा नवरात्रि के पहले दिन से ही इस आयोजन को व्यापक बनाने के लिए तैयारियां की जा रहीं थीं। अलग-अलग जत्थों में झांकियों के साथ आगे बढ़ चले। श्रीराम चंद्र जी की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का इतना अधिक समुदाय उपस्थित हो चुका था कि नगर के प्रमुख मार्गों में भगवान श्रीराम पताकायें लहरा रहीं थीं। ध्वज पताकाओं के साथ ही जगह-जगह शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्थाएं की गयीं थीं।

जिसके अंतर्गत् पेयजल व्यवस्था, शोभायात्रा की आरती तथा शोभायात्रा के प्रसाद के रूप में फल मिष्ठान वितरण किया जा रहा था। यह शोभायात्रा अजयगढ़ चौराहे से बड़ा बाजार होते हुए कटरा बाजार, कोतवाली चौराहा, बस स्टेण्ड, पुराना पावर हाऊस चौराहा, गांधी चौक, जयस्तंभ चौराहे से लेकर वापिस श्री रामजानकी मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के आयोजन में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, रविन्द्र शुक्ला, अधिवक्ता विनोद तिवारी, जय प्रकाश चतुर्वेदी, तरूण पाठक, कमल लालवानी, भास्कर पाण्डेय, रवि पाण्डेय, दिलीप शिवहरे, सुभाष द्विवेदी, अशोक गुप्ता, राजकुमार वर्मा, अजय पाठक, रामकरण द्विवेदी सहित हजारों की संख्या में महिलाएं-पुरुष एवं बच्चे शामिल थे। इनमें से महिलाओं द्वारा भक्ति के साथ ही प्रभु के जन्म पर नृत्य किया तथा भक्ति के जय-जयकारे लगाये। शोभायात्रा में नगर के अतिविशिष्टजन शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था में भारी मात्रा मे पुलिस बल मौजूद रहा। श्रीराम जी की शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभा यात्रा में शामिल हजारों की संख्या में श्रृद्धालुओं के लिये लोगो द्वारा कही मिठाई, तो कही कोल्ड ड्रिंक्स, शिकंजी, हलुआ, आईसक्रीम, तो कही खिचड़ी प्रसाद की सेवाये दी गयी। शोभायात्रा के दौरान नगर पालिका की पूरी सफाई टीम शोभायात्रा मार्ग की पीछे-पीछे सफाई करती चली आ रही थी जिससे कुछ ही देर में जिस मार्ग से शोभायात्रा निकली वह पूरी तरह साफ हो गया। शोभायात्रा के पूर्व रूट मार्ग को नगर पालिका की सफाई टीम द्वारा विशेष सफाई की गई।

अजयगढ चौराहे में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया स्वागत

शोभायात्रा जब अजयगढ चौराहे पर पहुंची कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवजीत सिंह भैया राजा एवं जैन मंदिर के समीप अपने निवास के सामने नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी ने कार्यकर्ताओं के साथ भगवान की आरती उतारी व शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीस खान भी उपस्थित रहे।

Created On :   28 March 2026 3:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story