Pune City News: पुणे की डायना पंडोले ने रचा इतिहास, फरारी रेस में उतरने वाली पहली भारतीय महिला होंगी

पुणे की डायना पंडोले ने रचा इतिहास, फरारी रेस में उतरने वाली पहली भारतीय महिला होंगी
दो बच्चों की मां हैं डायना, मिडिल ईस्ट चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा

भास्कर न्यूज, पुणे। मोटर स्पोर्ट्स की पुरुष प्रधान दुनिया में भारत की महिलाओं के लिए नई मिसाल कायम करने वाली पुणे की डायना पंडोले ने इतिहास रच दिया है। डायना अब फरारी क्लब चैलेंज मिडिल ईस्ट में फरारी 296 चैलेंज कार चलाने वाली पहली भारतीय महिला रेसर बनने जा रही हैं। यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 तक चलेगी, फिलहाल इसकी शुरू होने की तारीख आना है। इस दौरान डायना दुबई, अबू धाबी, बहरीन, क़तर और सऊदी अरब जैसे प्रतिष्ठित ट्रैक पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कार रेसिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाली डायना को इस क्षेत्र में रुचि उनके दिवंगत पिता के कारण हुई। उनके पिता ने डायना को 250 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार में कार दौड़ाने के लिए खुद ही कठिन प्रशिक्षण दिया था। अपनी इस उपलब्धि पर डायना कहती हैं कि फरारी क्लब चैलेंज मिडिल ईस्ट में भाग लेना मेरे लिए अविश्वसनीय सम्मान है। एक भारतीय महिला के रूप में इस स्तर तक पहुंचना सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि मोटर स्पोर्ट्स की हर उस महिला के लिए गर्व का पल है जो सपने देखने की हिम्मत रखती है। 32 वर्षीय डायना दो बच्चों की मां हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने साबित कर दिया है कि जुनून और अनुशासन के बल पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।

पुणे से फरारी ट्रैक तक का सफर

डायना पंडोले का जन्म और पालन-पोषण पुणे में हुआ। बचपन से ही उन्हें कारों और रफ्तार का शौक था। अंग्रेजी में एम.ए. की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने 2018 में जे.के. टायर के वुमन मोटर स्पोर्ट्स प्रोग्राम से अपने रेसिंग करियर की शुरुआत की। पुरुषों के वर्चस्व वाले इस खेल में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। साल 2024 डायना के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उन्होंने मद्रास इंटरनेशनल सर्किट पर हुई एमआरएफ सैलून कार चैंपियनशिप में सभी पुरुष प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। वे इस वर्ग में भारत की पहली महिला राष्ट्रीय चैंपियन बनीं।

Created On :   7 Nov 2025 6:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story