- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अंततः प्रशासन ने ली राजमाता जिजाऊ...
Pune News: अंततः प्रशासन ने ली राजमाता जिजाऊ उद्यान की सुध

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। पिंपरी चिंचवड़ के पिंपले गुरव इलाके के राजमाता जिजाऊ उद्यान की अव्यवस्था को लेकर दैनिक भास्कर द्वारा विस्तृत समाचार प्रकाशित होने के बाद मनपा प्रशासन पर त्वरित असर देखने को मिला है। मनपा के संबंधित विभागों ने सक्रियता दिखाते हुए सफाई कार्य, उद्यान में आवारा कुत्तों की रोकथाम और व्यवस्था सुधार की दिशा में तत्परता से कदम उठाए हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा मनपा की कार्यवाही पर संतोष जताया जा रहा है।
पिंपले गुरव स्थित राजमाता जिजाऊ उद्यान परिसर और पार्किंग क्षेत्र में पहले कचरे के ढेर, सूखे पत्तों का जमाव और प्लास्टिक कप-प्लेटों का अंबार दिखाई दे रहा था। झाड़ियों और पेड़ों के बीच गंदगी जमा थी, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। ओपन जिम दुर्दशा का शिकार बन गए थे। इस संबंध में दैनिक भास्कर ने 2 नवंबर के अंक में “कचरा और अव्यवस्था का शिकार बना राजमाता जिजाऊ उद्यान” शीर्षक के साथ सचित्र समाचार प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यानाकर्षित किया था। क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शांताराम माने ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को सफाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पूरे उद्यान क्षेत्र की तत्काल सफाई कराई गई।
सफाई पर प्रशासन की तत्परता
अखबार में समाचार प्रकाशित होने के बाद मनपा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की सफाई कराई। झाड़ियों के आसपास फैला कचरा हटाया गया और पार्किंग क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ किया गया। इसके साथ ही उद्यान परिसर में आवारा कुत्तों का उपद्रव लगातार बढ़ रहा था, जिससे सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों में डर का माहौल था। अब इस समस्या पर भी नियंत्रण लाया गया है। प्रशासन ने यहां सुरक्षा गार्ड की तैनाती की है, जिससे अब कुत्तों की आवाजाही पर रोक लगी है। साथ ही, उद्यान विभाग की ओर से पशु चिकित्सा विभाग को पत्र भेजकर कुत्ते पकड़ने को कहा गया है।
ओपन जिम की मरम्मत पर भी ध्यान
राजमाता जिजाऊ उद्यान में पिछले चार महीनों से ओपन जिम के उपकरण खराब पड़े थे। इस पर नागरिकों ने कई बार नाराजगी जताई थी। इस संदर्भ में मनपा के खेल विभाग के पर्यवेक्षक दीपक कनेरे ने बताया कि, ओपन जिम की व्यवस्था पुणे जिला क्रीड़ा विभाग के अंतर्गत है। हमने कई बार उन्हें जिम का अधिकार हमारे विभाग को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है। पत्राचार जारी है, जैसे ही अधिकार हमारे पास आएंगे, मरम्मत कार्य तुरंत किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ उपकरणों पर पेड़ों की शाखाएं गिर गई थीं, जिन्हें काटकर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया गया है।
दैनिक भास्कर ने सामाजिक मुद्दे को आवाज देकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर किया। नागरिकों की लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान अब दिखने लगा है। इसके लिए हम आभारी हैं।
- अण्णा जोगदंड, शहर अध्यक्ष, मानवाधिकार संरक्षण जागरूकता समिति
Created On :   7 Nov 2025 6:23 PM IST












