Pune News: जानलेवा बने डंपर - मिक्सर, दो दिन में तीन मौतें

जानलेवा बने डंपर - मिक्सर, दो दिन में तीन मौतें
सात वर्षीय मासूम और युवती समेत गईं तीन जानें

भास्कर न्यूज, पिंपरी–चिंचवड़। पिंपरी चिंचवड़ में विशेष रूप से आईटी पार्क हिंजवड़ी और आसपास के इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिंजवड़ी के बाद अब बावधन, बालेवाड़ी और सुस क्षेत्रों में लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को जांबे में हुए भीषण हादसे में 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। दो दिन बाद बुधवार को एक ही दिन में हुए दो अलग-अलग हादसों में सात वर्षीय बच्चे और 44 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। उसके बाद शुक्रवार को तेज रफ्तार मिक्सर की टक्कर से युवती की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर कासारसाई डेम से घर लौट रहे युवक-युवती की बाइक को तेज रफ्तार मिक्सर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में पुणे के विमाननगर निवासी 19 वर्षीय रिदा इमरान खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विवेक ठाकुर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मारुंजी के शिंदे बस्ती इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार रिदा और विवेक कासारसाई डेम क्षेत्र में घूमने गए थे। दोपहर को वे घर की ओर बाइक से लौट रहे थे। शिंदे बस्ती के पास तेज रफ्तार मिक्सर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिदा की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में टक्कर लगने के बाद विवेक ठाकुर गंभीर घायल अवस्था में सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हिंजवड़ी पुलिस ने मिक्सर चालक अजमल अख्तर अंसारी (32) निवासी जांबे को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक तेज रफ्तार में था या लापरवाही से वाहन चला रहा था। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस प्रशासन से वहां कड़ाई से निगरानी और गति¬ नियंत्रण उपाय लागू करने की मांग की जा रही है।

बुधवार को एक ही दिन में दो हादसे

बुधवार को पहला हादसा बालेवाड़ी में म्हालुंगे पुलिस चौकी के पास दोपहर दो बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बंडू किशन वावलकर दो नातियों को स्कूल से घर ले जा रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात टेंपो ने उनके दोपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से सात वर्षीय अनुराग बालू चांदमारे के सिर पर गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसके नाना बंडू वावलकर और दूसरा नाती अभिनव घायल हुए हैं। ऋषिकेश बंडू वावलकर की शिकायत पर बावधन पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दूसरा हादसा बुधवार सुबह 7.30 बजे बावधन पुलिस थाना क्षेत्र के सुस परिसर में हुआ। वहां गड्‌ढे से बचने के प्रयास में पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी तीव्र थी कि वैशाली सोमनाथ पाखरे (44) नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

Created On :   22 Nov 2025 6:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story