पति करता था रात में परेशान, पत्नी ने उतारा मौत के घाट

पति करता था रात में परेशान, पत्नी ने उतारा मौत के घाट
  • ससुराल गए युवक की हत्या
  • पहले तो पुलिस को गुमराह करती रही महिला
  • पत्नी ने उतारा मौत के घाट

डिजिटल डेस्क, पुणे। शादी के डेढ़ माह बाद ससुराल गए युवक की हत्या कर दी। मामला मावल तालिका के गहूंजे का है। रविवार को हुई वारदात में पहले कहा जा रहा था कि तीन से चार लोगों ने मिलकर लूटपाट के इरादे से यह हत्या की, लेकिन अब बड़ा खुलासा हुआ है। मारे गए युवक की पत्नी ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में पिंपरी चिंचवड़ की तलेगांव दाभाड़े पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

मारे गए युवक का नाम सुरज राजेंद्र कालभोर (29, निवासी आकुर्डी) है। उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने पत्नी अंकिता सूरज कालभोर (24) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सूरज की मां ने तलेगांव दाभाड़े पुलिस थाने में शिकायत दी है। आरोपी पत्नी ने पुलिस को बयान दिया है कि शादी के बाद से ही सूरज उस पर शक करता, उसे रात में तकलीफ देता और प्रताड़ित करता। इसी वजह से उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। अंकिता ने बताया था कि सूरज और वो रविवार को शिरगांव स्थित साईबाबा के मंदिर गए थे। दर्शन के बाद गहुंजे स्थित खेत चले गए। तभी अचानक तीन-चार लोगों ने उसे घेर लिया। अंकिता ने पुलिस को बताया कि धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी थी।

जानकारी मिलते ही क्राइम ब्रांच का दस्ता मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस को अंकिता पर शक हो रहा था। घटनास्थल पर सूरज का मोबाइल और पर्स भी था। पुलिस ने जब अंकिता से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह एक घंटे तक बेहोश रही। साथ ही, पुलिस को उसके बयान में विसंगतियां मिलीं।

आखिरकार पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और थोड़ी सख्ती दिखाई। उसके बाद अंकिता ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। खेत जाने के बाद अंकिता ने उस वक्त सूरज पर चाकू से हमला किया, जब वो मोबाइल देख रहा था। बहरहाल पुलिस छानबीन में जुटी है।

सूरज कलभोर आकुर्डी स्थित एक स्कूल में डाटा ऑपरेटर का काम करता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी, मां पिंपरी चिंचवड मनपा के अस्पताल में कार्यरत हैं। डेढ़ माह पहले सूरज की शादी संतोष बोडके की बेटी अंकिता से हुई थी।


Created On :   5 Jun 2023 2:47 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story