Pune News: महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदने सेवा से बर्खास्त

महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदने सेवा से बर्खास्त

भास्कर न्यूज, पुणे। फलटण में महिला डॉक्टर संपदा मुंडे की आत्महत्या प्रकरण में आरोपी पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदने को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस विभाग ने अनुशासन और नैतिक आचरण के उल्लंघन के आधार पर की है। 23 अक्टूबर की रात फलटण शहर के एक होटल में 28 वर्षीय डॉक्टर संपदा मुंडे का शव फांसी पर लटका हुआ मिला था। जांच के बाद आरोपी गोपाल बदणे को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया था। अब विभाग ने उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फलटण ग्रामीण पुलिस थाने में कार्यरत और फिलहाल निलंबित चल रहे पीएसआई गोपाल बालासाहेब बदने को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311(2)(b) के तहत मंगलवार से सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विशेष पुलिस महानिरीक्षक सुनील फुलारी द्वारा जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि बदने पहले से ही आत्महत्या मामले में आरोपी के रूप में जेल में हैं। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि बदने के व्यवहार से समाज में असुरक्षा की भावना फैली है और उन्होंने पुलिस उपनिरीक्षक पद की गरिमा के विपरीत आचरण किया है। उनके निजी और पेशेवर जीवन में संदिग्ध रवैये को देखते हुए विभाग ने माना कि उन्हें सरकारी सेवा में बनाए रखना जनता के हित में नहीं होगा। इसलिए उन्हें स्थायी रूप से बर्खास्त कर दिया गया है।

Created On :   5 Nov 2025 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story