- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में...
Pune News: महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदने सेवा से बर्खास्त

- सीएम के निर्देश के बाद की गई कार्रवाई
- नैतिक आचरण के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई
Pune News. फलटन उपजिला अस्पताल की महिला डॉक्टर आत्महत्या प्रकरण में आरोपी पुलिस उपनिरीक्षक गोपाल बदने को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद महाराष्ट्र पुलिस विभाग ने अनुशासन और नैतिक आचरण के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई की। 23 अक्टूबर की रात फलटन के होटल के कमरे में 28 वर्षीय डॉक्टर संपदा मुंडे का शव फांसी पर लटका हुआ मिला था। जांच के बाद आरोपी गोपाल बदने को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया था।
यह भी पढ़े -रैंकिंग में गिरावट - 173वें से फिसलकर 207वें स्थान पर पहुंची सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी, लंदन की एजेंसी करती है मूल्यांकन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फलटन ग्रामीण पुलिस थाने में कार्यरत और फिलहाल निलंबित पीएसआई गोपाल बालासाहब बदने को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311 (2) (b) के तहत मंगलवार से सरकारी सेवा से बर्खास्त किया गया है। विशेष पुलिस महानिरीक्षक सुनील फुलारी द्वारा जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि बदने पहले से ही आत्महत्या मामले में आरोपी के रूप में जेल में हैं।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि बदने के व्यवहार से समाज में असुरक्षा की भावना फैली है और उन्होंने पुलिस उपनिरीक्षक पद की गरिमा के विपरीत आचरण किया है। उनके निजी और पेशेवर जीवन में संदिग्ध रवैए को देखते हुए विभाग ने माना कि उन्हें सरकारी सेवा में बनाए रखना जनता के हित में नहीं होगा। इसलिए उन्हें स्थायी रूप से बर्खास्त कर दिया गया है।
Created On :   5 Nov 2025 8:10 PM IST













