- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- सियाचिन की बफीर्ली ऊंची चोटियों पर...
Pune City News: सियाचिन की बफीर्ली ऊंची चोटियों पर तैनात जांबांजों तक पहुंचा ‘ममता का फराल'

- लगातार 11 वर्षों से सरहद के जवानों को पकवान चखा रहा आधार सोशल ट्रस्ट
- 15 से 17 जिलों के 180 से 190 स्कूल जुड़े हैं अभियान से
भास्कर न्यूज, पुणे। पूरा देश जब हर्षोउल्लास के साथ दिवाली का त्योहार मना रहा होता है तब देश की सरहदों पर हमारी सेना के जवान हमारी सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ताकि हमारे पर्व में खलल न पड़े। ऐसे में हमारा भी फर्ज है कि अपने इन जाबांज वीर जवानों के लिए कुछ करें। कम से कम दिवाली के पकवानों का स्वाद चखा कर उनके प्रति स्नेह तो जता ही सकते हैं। इसी मकसद से पिछले 11 साल से पुणे का आधार सोशल ट्रस्ट सियाचिन की बफीर्ली ऊंची चोटियों पर तैनात जांबांजों को ममता के फराल से मुंह मीठा करारता आ रहा है। खास बात यह है कि ये फराल विद्यार्थी पकाते हैं। इसबार इन विद्यार्थियों ने सैनिकों को शुभकामना संदेश देने के साथ ही शैक्षणिक और खेल सामग्री,साइकिल भी भेजी।
-15 से 17 जिलों के 180 से 190 स्कूल जुड़े हैं अभियान से
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों झंडा दिखाकर इस सामग्री को रवाना किया गया। आधार सोशल ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष चाकणकर ने बताया कि राज्यभर के 15 से 17 जिलों के लगभग 180 से 190 स्कूल इस अभियान से जुड़े हुए हैं। विद्यार्थियों ने हस्ताक्षरयुक्त हजारों सुंदर ग्रीटिंग कार्ड बनाए। अब तक 15 हजार से अधिक विद्यार्थियों के संदेश सीमाओं पर तैनात इन जवानों तक पहुंच चुके हैं। चाकणकर ने बताया कि सियाचिन में हाड़ कंपाने वाली ठंड और कठिन परिस्थितियों में हमारे जवान मातृभूमि की रक्षा के लिए दिन-रात डटे रहते हैं। बर्फबारी और ऑक्सीजन की कमी के बावजूद वे डटे हुए हैं। ऐसे देशभक्त सैनिकों के लिए ममता से तैयार यह फराल और बच्चों के संदेश पहुंचाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। सैनिकों ने इस फराल को बड़े उत्साह से स्वीकार किया। भारतीय सेना के सहयोग से यह अभियान केवल फराल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती इलाकों के विद्यार्थियों तक शैक्षणिक व क्रीड़ा सामग्री और साइकिल पहुंचाकर उनसे सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने का कार्य भी किया जा रहा है। दौंड के विधायक राहुल कुल, खड़कवासला के विधायक भीमराव तापकीर, भाजपा पुणे जिला महासचिव गंगाराम जगदाले और पुरंदर भाजपा महासचिव विशाल कुदले का सहयोग इसमें प्राप्त हुआ है।
Created On :   5 Nov 2025 6:57 PM IST












